बिलासपुर (ईएमएस)। सिंधी समाज के प्रमुख पर्व चेटीचंड महोत्सव को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। सिंधी युवक समिति के नेतृत्व में 20 मार्च, शुक्रवार को भगवान झूलेलाल जयंती के अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस दिन सिंधी समाज द्वारा अपना समस्त कारोबार बंद रखकर उत्सव में सहभागिता की जाएगी। समिति के संयोजक अमर बजाज ने बताया कि शोभायात्रा सुबह 11 बजे बुधवारी बाजार से प्रारंभ होगी। यह यात्रा बंधवापारा, धानमंडी रोड, गुरुनानक चौक, तोरवा नाका, जगमल चौक, दयालबंद, गांधी चौक, जूना बिलासपुर, गोल बाजार, सदर बाजार, प्रताप चौक, पुराने पुल, सरकंडा, नेहरू चौक, हेमू कलानी चौक होते हुए जरहाभाठा मार्ग से सिंधी कॉलोनी में विसर्जित होगी। यात्रा के दौरान जगह-जगह आतिशबाजी और भव्य स्वागत किया जाएगा। शोभायात्रा में सतरंगी झांकियां, धार्मिक, सामाजिक और ज्ञानवर्धक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। सिंधी समाज के युवा, महिलाएं और वरिष्ठजन बड़ी संख्या में शामिल होंगे। विशेष रूप से सिंधी सेंट्रल महिला विंग की प्रमुख विनिता भावनानी के नेतृत्व में महिलाएं पारंपरिक सिंधी डांडियों के साथ उत्सव में रंग भरेंगी। समाज के लोग जगह-जगह फल, मिठाई, शरबत आदि से शोभायात्रा का स्वागत करेंगे और आयो लाल झूलेलाल के जयकारों से पूरा शहर गूंज उठेगा। आयोजन को सफल बनाने में समिति के कई सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। मनोज राज 18 मार्च 2026