बिलासपुर (ईएमएस)। गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में विश्व सामाजिक कार्य दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य, सम्मान और स्नेह विषयक वरिष्ठ नागरिक स्वास्थ्य एवं कल्याण शिविर का आयोजन किया गया। सामाजिक कार्य विभाग एवं जीजीवी श्रवण लाइन द्वारा भारतीय जैन संगठन के सहयोग से आयोजित इस शिविर में सैकड़ों बुजुर्गों को मुफ्त स्वास्थ्य जांच और विशेषज्ञ परामर्श दिया गया। सामूहिक सहयोग से ही संभव है समाज सेवा भारतीय जैन संगठन के राष्ट्रीय महासचिव पंकज चोपड़ा ने कहा कि समाज सेवा किसी एक संस्था का कार्य नहीं, बल्कि सभी के सहयोग से ही संभव है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे आयोजनों में सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही। स्वास्थ्य के साथ सम्मान और आत्मीयता पर भी जोर समाज कार्य विभागाध्यक्ष डॉ. अर्चना यादव ने बताया कि शिविर का उद्देश्य केवल स्वास्थ्य परीक्षण नहीं, बल्कि वरिष्ठ नागरिकों को सम्मान और अपनत्व देना भी है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास बुजुर्गों की भूमिका को सशक्त बनाते हैं। स्वास्थ्य परीक्षण, संवाद और प्रतियोगिताओं का आयोजन कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, एनजीओ-विद्यार्थी संवाद, पोस्टर एवं रंगोली प्रतियोगिता जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं। विशेषज्ञों ने छात्रों को समाज सेवा और बुजुर्गों की देखभाल के प्रभावी तरीकों की जानकारी दी। बुजुर्गों ने कराई जांच, ली विशेषज्ञों से सलाह शिविर में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिकों ने स्वास्थ्य जांच कराई और डॉक्टरों से परामर्श लिया। उन्हें स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी देकर जागरूक किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना से हुआ। अतिथियों का अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया। इस दौरान चिकित्सकों, स्वयंसेवकों और सहयोगी संस्थाओं को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। सामाजिक संगठनों और विद्यार्थियों का रहा सहयोग कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अधिकारी, प्राध्यापक, शोधार्थी, सामाजिक संस्थाएं और एनजीओ के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। ज्येष्ठ नागरिक संघ, हेल्प एज इंडिया और अन्य संस्थाओं की उपस्थिति से कार्यक्रम सफल और प्रभावी रहा। मनोज राज 18 मार्च 2026