क्षेत्रीय
18-Mar-2026
...


- कुलपति नियुक्ति में बाहरी हस्तक्षेप पर सवाल, स्थानीय शिक्षकों के पक्ष में छात्र - विश्वविद्यालयों के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ की प्रतिभा को मौका देने की उठी आवाज बिलासपुर (ईएमएस)। विभिन्न महाविद्यालयों एवं शिक्षण विभागों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं ने राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर छत्तीसगढ़ के विश्वविद्यालयों में स्थानीय शिक्षाविदों को कुलपति नियुक्त करने की मांग उठाई है। छात्रों ने कहा कि प्रदेश में शिक्षा, शोध एवं अकादमिक क्षेत्र में अनेक योग्य, अनुभवी और प्रतिभाशाली शिक्षाविद मौजूद हैं, जिन्होंने वर्षों से राज्य में शिक्षा के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। छात्र-छात्राओं ने अपने ज्ञापन में उल्लेख किया है कि वर्तमान में अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, बिलासपुर और शहीद नंद कुमार पटेल विश्वविद्यालय, रायगढ़ में कुलपति पद के लिए नियुक्ति प्रक्रिया चल रही है। ऐसे में उन्होंने अपेक्षा जताई है कि इस महत्वपूर्ण पद पर नियुक्ति करते समय स्थानीय और योग्य शिक्षाविदों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। इस दौरान विभिन्न महाविद्यालयों के 200 से अधिक छात्र-छात्राओं के हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन प्रस्तुत कर इस मुद्दे पर सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की गई। स्थानीय शिक्षा परिस्थिति से भली-भांति परिचित छात्रों का कहना है कि स्थानीय शिक्षाविद प्रदेश की शैक्षणिक, सामाजिक और सांस्कृतिक परिस्थितियों से भली-भांति परिचित होते हैं। इससे वे विश्वविद्यालयों के समग्र विकास, विद्यार्थियों के हितों की रक्षा और क्षेत्रीय आवश्यकताओं के अनुरूप शिक्षा के विस्तार में अधिक प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं। उनका यह भी कहना है कि छत्तीसगढ़ में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, इसलिए विश्वविद्यालयों के नेतृत्व का अवसर भी राज्य के शिक्षाविदों को मिलना चाहिए। स्थानीय प्रतिभाओं की उपेक्षा छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि वर्तमान में कई विश्वविद्यालयों में बाहरी राज्यों के शिक्षाविदों को कुलपति नियुक्त किया जा रहा है, जिससे स्थानीय प्रतिभाओं की उपेक्षा हो रही है। इसी के विरोध में नीरज यादव के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं के प्रतिनिधिमंडल ने संभागायुक्त के माध्यम से कुलाधिपति को ज्ञापन सौंपा। मनोज राज 18 मार्च 2026