- निलेश सिंह का धमाकेदार शतक, मैन ऑफ द मैच और सीरीज पर कब्जा बिलासपुर (ईएमएस)। राजपूत क्षत्रिय प्रीमियर लीग सीजन-2 का फाइनल मुकाबला रोमांचक अंदाज में संपन्न हुआ, जिसमें इमलीभाठा एलिगेटर्स ने तिफरा टाइटंस को हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। मैच में दोनों टीमों के बीच जोरदार टक्कर देखने को मिली, लेकिन अंतत: इमलीभाठा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। फाइनल मुकाबले में तिफरा टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 15 ओवर में 10 विकेट के नुकसान पर 129 रन बनाए। टीम की ओर से बल्लेबाजों ने संघर्षपूर्ण पारी खेली, लेकिन बड़ा स्कोर खड़ा करने में सफल नहीं हो सके। लक्ष्य का पीछा करने उतरी इमलीभाठा एलिगेटर्स की टीम ने आक्रामक शुरुआत की और 13 ओवर में 4 विकेट खोकर 135 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम के बल्लेबाज निलेश सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नाबाद 100 रन की पारी खेली, जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज के खिताब से नवाजा गया। क्षत्राणी वारियर्स टीम ने किया शानदार प्रदर्शन प्रतियोगिता के अध्यक्ष मनोज तोमर ने बताया कि फाइनल मुकाबले से पहले सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष सद्भावना मैच भी आयोजित किए गए। इसमें समाज की बेटियों और 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के सदस्यों ने भाग लिया। महिला वर्ग के मुकाबले में क्षत्राणी वारियर्स टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए जीत दर्ज की, जबकि कुमारी छवि को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। मनोज राज 18 मार्च 2026