क्षेत्रीय
18-Mar-2026
...


फिरोजाबाद(ईएमएस) थाना जसराना क्षेत्र में लापता हुए व्यापारी कुनाल गुप्ता को पुलिस ने सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में थाना जसराना पुलिस और सर्विलांस टीम द्वारा की गई। जानकारी के अनुसार, 11 मार्च 2026 को कुनाल गुप्ता के घर से अचानक चले जाने पर परिजनों ने थाना जसराना में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) और क्षेत्राधिकारी जसराना के नेतृत्व में टीम गठित कर युवक की तलाश के निर्देश दिए थे। पुलिस टीम के साथ-साथ सोशल मीडिया सेल ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। व्हाट्सएप, एक्स (ट्विटर), फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पर युवक की फोटो के साथ पंपलेट जारी कर व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया गया। लगातार प्रयासों के बाद 18 मार्च 2026 को पुलिस ने कुनाल गुप्ता को सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में युवक ने बताया कि व्यापार में घाटा होने के कारण वह मानसिक तनाव में था और इसी वजह से घर छोड़कर चला गया था। पुलिस ने युवक की काउंसलिंग कराई और उसे सुरक्षित उसके परिजनों को सौंप दिया। बेटे के सकुशल मिलने पर परिजनों ने फिरोजाबाद पुलिस का आभार व्यक्त किया। ईएमएस