- राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नारायण सिंह पंवार होंगे मुख्य अतिथि राजगढ़(ईएमएस)l मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग मंत्रालय द्वारा आयोजित विक्रमोत्सव 2026 के अंतर्गत सृष्टि आरंभ दिवस वर्ष प्रतिपदा (विक्रम संवत 2083) के शुभ अवसर पर 19 मार्च, 2026 को प्रातः 10:00 बजे पूर्वाह्न जिला मुख्यालय राजगढ़ में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग नारायण सिंह पंवार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 10 बजे दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया जाएगा। इसके पश्चात कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा द्वारा नव संवत्सर के महत्व पर उद्बोधन दिया जाएगा। प्रस्तुति दल द्वारा मंच पर ब्रह्म ध्वज का वंदन किया जाएगा तथा अतिथियों द्वारा ब्रह्म ध्वज वंदन एवं पुस्तकों का वितरण किया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा विक्रम संवत की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पृष्ठभूमि पर प्रकाश डाला जाएगा। कार्यक्रम में महाराजा विक्रमादित्य के जीवन पर आधारित नाट्य प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। जिसे म.प्र. नाट्य विद्यालय भोपाल द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा। इसके उपरांत अतिथियों के उद्बोधन होंगे तथा अंत में आभार प्रदर्शन एवं कार्यक्रम का समापन किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रातः 9:55 बजे से अतिथियों का आगमन प्रारंभ होगा। जिला प्रशासन द्वारा सभी नागरिकों से कार्यक्रम में सहभागिता कर नव संवत्सर का स्वागत करने का आग्रह किया गया है। -निखिल/राजगढ़/18/3/2026