इन्दौर (ईएमएस) संभागायुक्त कार्यालय में आज दोपहर उस समय अफरातफरी का माहौल बन गया जब वहीं स्थित श्रमायुक्त कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई मेल मिला। ई मेल में चेतावनी के साथ धमकी दी गई कि परिसर में साइनाइड गैस के बम लगाए हैं, जिनमें विस्फोट होगा। ई मेल मिलने के बाद तुरंत मौके पर पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड पहुंचे और कार्रवाई करते सबसे पहले एहतियातन वहां मौजूद सभी कर्मचारियों को बाहर निकाल पूरे भवन को खाली करा लिया गया। इसके बाद पूरे परिसर की करीब एक घंटे तक सघन जांच और तलाशी ली गई लेकिन कहीं भी कोई भी संदिग्ध वस्तु अथवा विस्फोटक नहीं मिला। जांच के बाद मौके पर मौजूद अधिकारियों ने दोनों कार्यालयों को पूरी तरह सुरक्षित घोषित कर दिया, जिसके बाद सामान्य कामकाज फिर से शुरू हो गया। प्राप्त जानकारी अनुसार ई-मेल भेजने वाले ने अपने संदेश में तमिलनाडु की राजनीति का जिक्र करते हुए द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) सरकार और डिप्टी सीएम उदयनिधि स्टालिन को निशाने पर लेते भड़काऊ भाषा में सरकार पर कई आरोप लगाए हैं वहीं तमिलनाडु में कानून-व्यवस्था से लेकर मीडिया और राजनीतिक फंडिंग तक पर सवाल उठाए है। ई मेल में कुछ ट्रस्टों के जरिए विदेशी फंडिंग और उसके दुरुपयोग के आरोप भी लगाए गए। इसके अलावा कार्यालय के स्टाफ को पाकिस्तान के जासूस कहकर संबोधित करते ई मेल संदेश में यह भी लिखा है कि यह धमकी उनकी ताकत का नमूना है और भविष्य में बड़े हमलों की चेतावनी है। अगर 2026 में डीएमके दोबारा सत्ता में आती है तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर साइबर सेल की मदद से ई-मेल भेजने वाले की पहचान और लोकेशन ट्रेस करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। आनंद पुरोहित/ 18 मार्च 2026