- सीबीआई का डर दिखाकर ठगों ने ठगा पूर्वी सिंहभूम(ईएमएस)।जादूगोड़ा थाना क्षेत्र के पुरनापानी की रहने वाली 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला कलावती बुधिया साइबर ठगी का शिकार हो गईं।ठगों ने गरीबों की मदद का झांसा देकर उनसे कुल 20 हजार रुपये ठग लिए।पीड़िता ने बताया कि 10 मार्च को वह फेसबुक देख रही थीं, तभी “गरीबों को मदद” से जुड़ा एक लिंक सामने आया।लिंक खोलते ही उनके पास कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को मदद करने वाली संस्था से जुड़ा बताते हुए भरोसा दिलाया कि उन्हें आर्थिक सहायता दी जाएगी।जब महिला ने चार लाख रुपये की जरूरत बताई, तो ठगों ने विदेश से डॉलर में पैसा भेजने और उसे भारतीय मुद्रा में बदलने का झांसा दिया। ठगों ने प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर पहले तीन हजार रुपये मांगे, जिसे महिला ने उनके खाते में भेज दिया। इसके बाद ठगों ने नया बहाना बनाते हुए कहा कि पैसा सीबीआई में फंस गया है और अगर रकम नहीं दी गई तो जेल हो सकती है।इस तरह डर दिखाकर अलग-अलग दिनों में कुल 20 हजार रुपये वसूल लिए।इतना ही नहीं ठगों ने बाद में फिर 12 हजार रुपये की मांग करते हुए जेल भेजने की धमकी दी।इसके बाद महिला ने अपने परिचितों से सलाह ली, तब उन्हें ठगी का एहसास हुआ।घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। लोगों से अपील की जा रही है कि सोशल मीडिया पर आने वाले ऐसे किसी भी लिंक या कॉल पर भरोसा न करें और किसी भी अंजान व्यक्ति को पैसे न भेजें।पुलिस भी मामले की जांच में जुटने की बात कह रही है। कर्मवीर सिंह/18मार्च/26