क्षेत्रीय
18-Mar-2026
...


- अत्याधुनिक एएलएस एम्बुलेंस सौंपी रामगढ़(ईएमएस)।जिले में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी व सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पतरातू विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (पीवीयूएनएल) ने अपने सामुदायिक विकास (सीडी) कार्यक्रम के तहत रामगढ़ स्वास्थ्य विभाग को अत्याधुनिक एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस प्रदान की है। इस नई सुविधा से गंभीर रूप से बीमार और दुर्घटना के शिकार मरीजों को त्वरित एवं उन्नत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में बड़ी मदद मिलेगी।यह एएलएस एम्बुलेंस अत्याधुनिक जीवनरक्षक उपकरणों से सुसज्जित है, जिसमें वेंटिलेटर, कार्डियक मॉनिटर, डिफिब्रिलेटर, ऑक्सीजन सपोर्ट सिस्टम सहित अन्य आवश्यक चिकित्सा संसाधन उपलब्ध हैं। इससे रास्ते में ही मरीजों को बेहतर प्राथमिक उपचार दिया जा सकेगा, जो कई मामलों में जीवन बचाने में निर्णायक साबित होगा। एम्बुलेंस का औपचारिक हस्तांतरण पीवीयूएनएल के जियाउर रहमान होहर द्वारा किया गया।इस अवसर पर पीवीयूएनएल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. तनमोय मिश्रा भी उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक एवं अन्य कर्मचारी मौजूद थे.इस मौके पर सिविल सर्जन, रामगढ़ ने कहा कि जिले में इस तरह की उन्नत एम्बुलेंस की लंबे समय से आवश्यकता महसूस की जा रही थी।पीवीयूएनएल द्वारा उपलब्ध कराई गई यह एएलएस एम्बुलेंस न केवल आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता को बढ़ाएगी, बल्कि गंभीर मरीजों को समय पर जीवनरक्षक उपचार उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना, हृदयाघात, प्रसव संबंधी जटिलताओं जैसे मामलों में यह सुविधा बेहद कारगर साबित होगी।उन्होंने पीवीयूएनएल के इस सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकारी स्वास्थ्य तंत्र को निजी और सार्वजनिक उपक्रमों के सहयोग से और अधिक सशक्त बनाया जा सकता है, जिससे आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।पीवीयूएनएल के अधिकारियों ने बताया कि कंपनी अपने सामाजिक दायित्व के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है।स्थानीय समुदाय के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के उद्देश्य से इस तरह की पहल आगे भी जारी रहेगी।स्थानीय लोगों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि एएलएस एम्बुलेंस की उपलब्धता से अब गंभीर मरीजों को समय पर बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पतालों तक पहुंचाना आसान होगा। इससे विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को काफी राहत मिलेगी। कर्मवीर सिंह/18मार्च/26