- बैठक में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने हेतु प्रगति लाने के दिए निर्देश दतिया ( ईएमएस ) | कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े एवं पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा ने कानून व्यवस्था के संबंध में महत्वपूर्ण बैठक लेकर अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए। बैठक में समस्त राजस्व एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में धारा 107/116 के अंतर्गत की गई कार्रवाई की समीक्षा करते हुए उसमें प्रगति लाने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही जिला बदर की कार्रवाई, बाउंड ओवर प्रकरणों एवं भूमि विवादों के समयबद्ध निराकरण पर विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर श्री वानखड़े ने एसडीएम को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में तहसीलदार एवं थाना प्रभारियों की साप्ताहिक (बुधवार) बैठक लेकर की गई कार्यवाहियों की नियमित समीक्षा करें। बैठक में एनएसए के तहत की गई कार्रवाई एवं शस्त्र लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्यवाही की भी समीक्षा की गई। आगामी त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी-कर्मचारी अपने-अपने क्षेत्रों के धार्मिक स्थलों का निरीक्षण करें, जिससे व्यवस्थाएं चाक-चैबंद रहें एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिन अधिकारियों की जहां ड्यूटी लगाई गई है, वे वहां अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें, लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्टर श्री वानखड़े ने एलपीजी की कालाबाजारी रोकने के लिए सख्त निर्देश देते हुए कहा कि कहीं से भी शिकायत मिलने पर तत्काल निरीक्षण कर कार्रवाई की जाए। इस कार्य को प्राथमिकता के साथ किया जाए। पुलिस अधीक्षक श्री सूरज कुमार वर्मा ने कहा कि किसी भी अधिकारी को समस्या होने पर सीधे उनसे संपर्क करें। पुलिस एवं प्रशासन आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जिले में बेहतर कानून व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे