* 19 मार्च से 28 मार्च तक सभी वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक, रेलवे के तकनीकी कार्य के चलते फैसला अहमदाबाद (ईएमएस)| शहर के पूर्व और पश्चिम हिस्सों को जोड़ने वाला व्यस्त शाहिबाग अंडरपास 19 मार्च से 28 मार्च तक लगातार 10 दिनों के लिए बंद रहेगा। रेलवे प्रशासन द्वारा ट्रैक पर लोहे की प्लेट बदलने के आवश्यक तकनीकी कार्य के चलते यह निर्णय लिया गया है। इस संबंध में अहमदाबाद शहर पुलिस कमिश्नर द्वारा आधिकारिक अधिसूचना जारी की गई है। इस अवधि के दौरान अंडरपास से दोपहिया, चारपहिया और भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। शाहिबाग अंडरपास शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में से एक है, जहां सुबह और शाम के समय भारी ट्रैफिक देखा जाता है। ऐसे में 10 दिनों तक बंद रहने से वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे शाहिबाग अंडरपास के बजाय गिरधरनगर, सुभाष ब्रिज और नमस्ते सर्कल जैसे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। साथ ही, इन मार्गों पर अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस बल भी तैनात किया जाएगा ताकि यातायात सुचारू रूप से संचालित किया जा सके। रेलवे और अहमदाबाद म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (एएमसी) के समन्वय से इस कार्य को तेजी से पूरा करने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि 28 मार्च के बाद अंडरपास को फिर से सामान्य यातायात के लिए खोला जा सके। नागरिकों से अपील की गई है कि वे इस दौरान शांति बनाए रखें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें। सतीश/18 मार्च