वाशिंगटन (ईएमएस)। मिडिल ईस्ट में जारी जंग के बीच अमेरिका की ताजा रिपोर्ट में बड़ा खुलासा हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार चीन ईरान की सैन्य और तकनीकी तौर पर खुलकर मदद कर रहा है। यह रिपोर्ट यूएस-चाइना इकोनॉमिक एंड सिक्योरिटी रिव्यू कमीशन ने जारी की है। रिपोर्ट में कहा गया है कि चीन ईरान को ड्रोन, एंटी-शिप क्रूज मिसाइल और रॉकेट फ्यूल बनाने में इस्तेमाल होने वाली तकनीक दे रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, 2 मार्च को चीन के दो जहाज इसतरह के केमिकल लेकर ईरान की ओर गए, जिनका इस्तेमाल रॉकेट फ्यूल बनाने में होता है, जैसे सोडियम परक्लोरेट है। इसमें कहा गया है कि चीन अब अपनी रणनीति बदल रहा है। पहले वह खाड़ी देशों के साथ रिश्ते खराब होने के डर से ईरान को सीधे सैन्य मदद नहीं देता था और सिर्फ ड्यूल यूज तकनीक देता था, लेकिन अब चीन सीधे रक्षा से जुड़ी तकनीक भी ईरान को दे रहा है। रिपोर्ट में कहा गया हैं कि चीन का बेईडू नेविगेशन सैटेलाइट सिस्टम (बीडीएस) भी ईरान इस्तेमाल कर रहा है। मिडिल ईस्ट में जारी जंग के बीच ब्रिक्स और शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) जैसे मंचों के जरिए भी चीन और ईरान के रिश्ते मजबूत हो रहे हैं। यह रिपोर्ट तब आई है जब मिडिल ईस्ट में जंग जारी है। इसके बाद इस तरह के दावे से वैश्विक राजनीति में चिंता और बढ़ सकती है। ईरान और चीन के बीच पिछले कुछ सालों में रिश्ते काफी मजबूत हुए हैं। यह संबंध सिर्फ राजनीति तक सीमित नहीं है, बल्कि व्यापार, तेल-गैस, टेक्नोलॉजी और सुरक्षा तक फैला हुआ है। आशीष दुबे / 18 मार्च 2026