गांधीनगर (ईएमएस)| सरदार पटेल लोक प्रशासन संस्थान (स्पीपा), अहमदाबाद द्वारा उसके गांधीनगर परिसर में चल रहे प्रथम कॉमन फाउंडेशन कोर्स अंतर्गत प्रशिक्षु अधिकारियों के अध्ययन के लिए स्पीपा के महानिदेशक हारित शुक्ला के प्रेरक मार्गदर्शन में प्रशिक्षुओं की गुजरात विधानसभा में अध्ययन यात्रा का आयोजन किया गया। इस दौरे में लगभग 50 महिला प्रशिक्षु अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान प्रशिक्षु अधिकारियों ने विधानसभा के प्रश्नकाल का निरीक्षण कर राज्य की वैधानिक प्रक्रिया के व्यावहारिक पहलुओं की प्रत्यक्ष समझ प्राप्त की। इसके अलावा; विधानसभा के दैनिक कामकाज, चर्चा तथा निर्णय प्रक्रिया के बारे में भी उन्होंने मार्गदर्शन प्राप्त किया। यह उनके प्रशासनिक जीवन में उपयोगी सिद्ध होगा। प्रशिक्षु अधिकारियों को मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल तथा विधानसभा अध्यक्ष शंकर चौधरी के साथ समूह तसवीर खिंचवाने का अवसर मिला। इस अध्ययन दौरे के दौरान प्रशिक्षु अधिकारियों ने मंत्री मनीषा वकील, अर्जुन मोढवाडिया तथा दर्शनाबेन वाघेला से मुलाकात की और उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया। मंत्रियों ने लोक सेवा क्षेत्र में जिम्मेदारी, पारदर्शिता तथा लोक हित को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर बल दिया। इस अध्ययन यात्रा द्वारा प्रशिक्षु अधिकारियों को राज्य के वैधानिक प्रशासन की कार्यपद्धति के बारे में जो व्यापक व प्रत्यक्ष समझ प्राप्त हुई है, वह भविष्य में उनके प्रशासनिक कर्तव्यों के निर्वहन में सहायक होगी। सतीश/18 मार्च