इन्दौर (ईएमएस) एमवाय अस्पताल में गार्ड को पीटने के मामले में पुलिस ने आरोपी बाप बेटे के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामले में बताया जा रहा है कि आरोपी देर रात अस्पताल के वार्ड में जाना चाह रहे थे जिस पर गार्ड ने उन्हें नियमानुसार रोक दिया था। जिसके बाद आरोपियों ने गार्ड से उसका ही डंडा छीनकर उसकी पिटाई कर दी। मामला संयोगितागंज थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार विवाद और मारपीट की घटना कल रात करीब 9.30 बजे एमवाय अस्पताल के इमरजेंसी गेट पर हुई। गार्ड का नाम योगेश पिता मुरलीधर दुबे निवासी गुरु गोविंद कॉलोनी है। उसकी शिकायत पर आरोपी आनंद मेहरा पिता जमना प्रसाद मेहरा निवासी नॉर्थ कमाठी पुरा और अर्जुन मेहरा पिता आनंद मेहरा के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। गार्ड योगेश ने अपनी शिकायत में पुलिस को बताया कि रात 9.30 बजे अस्पताल में अत्यधिक भीड़ होने के कारण मैं भीड़ को नियंत्रित कर रहा था तभी आरोपी आनंद और उसका बेटा अर्जुन वार्ड में घुसने लगे। मैंने मना किया तो मुझे गालियां दी। आनंद ने मुझे पकड़ लिया और अर्जुन ने मेरे से मेरा डंडा छीन कर मेरे सिर पर मारा जिससे मेरे सिर से खून निकलने लगा। मैं चिल्लाया तो प्रवीण मुझे बचाने आया इस पर आरोपियों ने उसे भी पीटा। आरोपियों ने धमकी दी कि आज तो बच गया आइंदा जान से खत्म कर देंगे। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। आनंद पुरोहित/ 18 मार्च 2026