1 और 7 अप्रैल से शुरू होगी गेहूं की खरीद भोपाल (ईएमएस) । मध्य प्रदेश में गेहूं की खरीदी तारीख को बढ़ाकर 1 अप्रैल और 7 अप्रैल किया गया है। पहले यह खरीद 16 मार्च से नर्मदा पुरम उज्जैन इंदौर संभाग में शुरू होना थी। अब यहां 1 अप्रैल से शुरू होगी। बाकी के संभाग में 23 मार्च से गेहूं की खरीद शुरू होनी थी। उसे बढ़ाकर अब 7 अप्रैल कर दिया गया है। केंद्र सरकार द्वारा इस बार गेहूं खरीदी का कोटा घटा दिया गया है। जिसके कारण समर्थन मूल्य पर केवल 78 लाख टन गेहूं की खरीद सरकार करेगी। मध्य प्रदेश के 19 लाख किसानों ने पंजीयन कराया है। किसानों के पंजीयन के अनुसार 168 लाख मेट्रिक टन गेहूं खरीदी का पंजीयन हुआ है। सरकार का अनुमान है कि इस बार मध्य प्रदेश में रिकॉर्ड 365 लाख टन का उत्पादन हुआ है। केंद्र सरकार ने केवल 78 लाख टन गेहूं खरीदने का कोटा दिया है। यह ऊंट के मुंह में जीरे के समान है। बारदाने का अभाव सरकार को पर्याप्त मात्रा में गेहूं खरीदी के लिए बारदाना उपलब्ध नहीं हुए हैं। जिसके कारण सरकार को गेहूं खरीदी की तारीख आगे बढ़ाना पड़ी है। सरकार ने किसानों को भरोसा दिलाया है। सरकार किसानों से अतिरिक्त गेहूं की खरीदी करेगी। केंद्र सरकार यदि उस गेहूं को स्वीकार नहीं करेगा, ऐसी स्थिति में खुले टेंडर के माध्यम से मध्य प्रदेश स्टेट सिविल कॉरपोरेशन के माध्यम से किसानों से खरीदे गए गेहूं को खुले बाजार में विक्रय किया जाएगा। एस जे/18मार्च2026