- शिवपुरी में सड़कों पर घूमता दिखा मगरमच्छ - युवक बिना किसी डर के मगरमच्छ को खींचता रहा और उसके साथ छेड़छाड़ करता रहा शिवपुरी (ईएमएस)। शिवपुरी जिला मुख्यालय पर गर्मी बढ़ते ही एक बार फिर से सड़कों पर मगरमच्छ दिखने लगे हैं। शहर में भुजरिया तालाब से एक मगरमच्छ निकलकर बाहर सड़क पर आ गया। इस विशाल मगरमच्छ को देखकर वहां युवक एकत्रित हो गए और युवकों ने मगरमच्छ के साथ छेड़छाड़ की और उसकी पूछ पकड़कर वीडियो बनाते हुए नजर आए। बाद में यह मगरमच्छ पैदल चलते-चलते तालाब में चला गया। मगरमच्छ की पूछ पकड़कर छेड़छाड़ करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। युवकों ने बनाई वीडियो - शहर के चिंताहरण मंदिर के पास स्थित भुजरिया तालाब से एक विशाल मगरमच्छ बाहर निकल आया। मगरमच्छ के तालाब से निकलकर सड़क पर आ जाने से आसपास के रिहायशी इलाके में दहशत फैल गई। सड़क पर विशाल मगरमच्छ को देखकर मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान वहां मौजूद एक युवक ने लापरवाही दिखाते हुए मगरमच्छ की पूंछ पकड़ ली। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक बिना किसी डर के मगरमच्छ को खींचता रहा और उसके साथ छेड़छाड़ करता रहा। बाद में मगरमच्छ खुद तालाब में लौट गया - मौके पर मौजूद लोगों ने युवक की इस हरकत का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक मगरमच्छ के बेहद करीब जाकर उसकी पूंछ पकड़े हुए है। कुछ देर यह मगरमच्छ पास की भुजरिया तालाब में चला गया। शहरी क्षेत्र से लगी हुई है सांख्य सागर झील जिसमें है सैकड़ों मगरमच्छ- शिवपुरी के माधव राष्ट्रीय उद्यान के अंदर स्थित सांख्य सागर झील में सैकड़ो की संख्या में मगरमच्छ है। यह सांख्य सागर झील शिवपुरी शहर के नालों से लगी हुई है और नालों के सहारे सांख्य सागर झील से निकलकर मगरमच्छ शहरी क्षेत्र में आ जाते हैं। शहरी क्षेत्र में पूर्व में कई मगरमच्छ निकल चुके हैं। इनमें महल कॉलोनी, जाधव सागर रोड, छतरी रोड, महावीर नगर, ठंडी सड़क आदि स्थानों पर भी मगरमच्छ निकल चुके हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सांख्य सागर झील से मगरमच्छ निकालकर नालों के सहारे शिवपुरी शहर में आ जाते हैं। इसकी रोकथाम के लिए अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाना चाहिए। अन्यथा आने वाले समयम में कभी बड़ा हादसा हो सकता है।, ईएमएस/ मोहने/ 18 मार्च 2026