- पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार फिरोजाबाद(ईएमएस) जनपद के थाना खैरगढ़ क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, 18 मार्च 2026 को पीड़िता के पिता ने थाना खैरगढ़ में तहरीर देकर बताया कि उनकी नाबालिग पुत्री कंस मेले में परिवार के साथ गई थी, जहां भीड़ अधिक होने के कारण वह परिजनों से बिछड़ गई। इसी दौरान गांव नगला कल्याण निवासी सत्यवीर उसे घर छोड़ने का झांसा देकर अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले गया और रास्ते में डरा-धमकाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इस मामले में थाना खैरगढ़ पर मुकदमा दर्ज किया गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीमों का गठन किया गया। 19 मार्च को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सांखिनी चौराहा, हाथवंत रोड पर चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध युवक को रोका। पुलिस का आरोप है कि रुकने के इशारे पर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई। इस दौरान आरोपी के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सत्यवीर पुत्र हरिशंकर, निवासी नगला कल्याण, थाना खैरगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। ईएमएस