- शक्ति उपासना के लिए जिले के सभी देवी दरबार तैयार कोरबा (ईएमएस) शक्ति उपासना का महापर्व चैत्र (बासंती) नवरात्र 19 मार्च गुरूवार से शुरू हो रहा है। हसदेव तट स्थित मां सर्वमंगला सहित जिले भर के विभिन्न देवी मंदिरों में शुभ लग्न के साथ ज्योति कलश प्रज्जवलित किए जाएंगे। नवरात्र प्रारंभ होने के साथ मनोकामना ज्योति दर्शन के लिए मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहेगा। शक्ति पूजा का महापर्व वर्ष में 2 बार आता है। क्वांर की तुलना में चैत्र के बासंती नवरात्र पर्व की देवी मंदिरों मेंं अपनी एक अलग अलौकिक छटा होती है। जिले में नवरात्र पर्व की तैयारी एक पखवाड़े से जारी थी, वह अब पूर्ण हो चुकी है। कोरबा अंचल के मां सर्वमंगला मंदिर सहित तमाम देवी मंदिरों में हजारों की संख्या में ज्योति कलश प्रज्जवलित किए जाएंगे। मंदिर प्रबंधन की ओर से दर्शनार्थी श्रद्धालुओं के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए है। मंदिर परिसर में अलग-अलग कक्षों में प्रज्जवलित होने वाले ज्योति कलश के दर्शन हेतु कलशों के रखरखाव व्यवस्थित किए गए है। मां सर्वमंगला मंदिर के पुजारी नमन पांडेय ने बताया कि चैत्र नवरात्र में 8,000 तैल व 1,000 घृत के ज्योति कलश प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। स्थानीय श्रद्धालुओं के अलावा आस्ट्रेलिया और अमेरिका से भी श्रद्धालु आनलाइन माध्यम से ज्योति जलवा रहे हैं। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी मंदिर प्रांगण में भंडारे का आयोजन किया गया है। श्रद्धालुओं को दर्शन करने में किसी भी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए सुरक्षा के पूरे इंतजाम किए गए है। सर्वमंगला मंदिर के अलावा मां भवानी मंदिर में भी इस बार हजारों की संख्या में कांसे की कलश में दीप प्रज्जवलित किए जाएंगे। यहां रामचरित्र मानस के साथ चंडी यज्ञ की परंपरा रही है। सप्तमी के दिन महा दीपदान का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा चैतुरगढ़ अष्टभुजी मंदिर, कोसगई पहाड़ मंदिरों में भी नौ दिनों तक चलने वाले अनुष्ठान के अंतर्गत दर्शनार्थियों का रेला लगा रहेगा। शहरी व पर्वतीय क्षेत्रों के अलावा गांवों देवी स्थलों में दीप प्रज्ज्वलन के साथ सेवा व जसगीत की गूंज रहेगी। आदि शक्ति पर्वत वासनीय माता मड़वारानी दाई मंदिर पहाड़ ऊपर मां मड़वारानी सेवा एवं जनकल्याण समिति के तत्वावधान में प्रति वर्ष की तरह इस वर्ष भी चैत नवरात्र 19 मार्च को ज्योति कलश प्रज्जविलत होगी। आखिरी दिन 27 मार्च को हवन, कन्या पूजन, भंडारा, ज्योति कलश विसर्जन किया जाएगा। समिति के सचिव विनोद कुमार साहू ने बताया कि माता मड़वारानी दाई की घट स्थापना, अखंड ज्योति के पूजा अर्चना के साथ माता मड़वारानी दाई मंदिर में नवरात्रि पर्व की मनोकामना ज्योति कलश प्रज्जविलत होगी। जिसकी तैयारी चल रही हैं, साफ-सफाई रंग रोगन ज्योति कलश पंजीयन की रसीद की बुकिंग चल रही हैं इसके लिए संपर्क स्थल में जा कर रसीद प्राप्त कर सकते है। 19 मार्च / मित्तल