व्यापार
19-Mar-2026
...


- सेंसेक्स 1700 अंक टूटा, निफ्टी में 500 अंकों से ज्यादा ‎गिरावट मुंबई (ईएमएस)। भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार को भारी गिरावट देखने को मिली। लगातार तीन कारोबारी सत्रों की तेजी के बाद बाजार ने कमजोर शुरुआत की और शुरुआती घंटों में ही बड़ी गिरावट दर्ज की। वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव, खासकर अमेरिका और इज़रायल द्वारा ईरान के साउथ पार्स गैस क्षेत्र को निशाना बनाए जाने की खबरों ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी। तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 1500 से अधिक अंकों की गिरावट के साथ करीब 74,750 के स्तर पर खुला। सुबह शुरुआत के बाद यह 1687 अंकों या लगभग 2.20 फीसदी की गिरावट के साथ 75,017 के आसपास कारोबार कर रहा था। खबर लिखे जाने तक सेंसेक्स में गिरावट और गहरी होकर करीब 1758 अंकों तक पहुंच गई। वहीं ‎निफ्टी 50 भी दबाव में नजर आया। निफ्टी 2 प्रतिशत से ज्यादा गिरकर 23,180 के स्तर पर खुला और सुबह शुरुआत के बाद यह 507 अंकों की गिरावट के साथ 23,270 के आसपास ट्रेड कर रहा था। बाद में इसमें गिरावट बढ़कर करीब 540 अंकों तक पहुंच गई। विशेषज्ञों के अनुसार, मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव से कच्चे तेल की कीमतों में उछाल की आशंका है, जिसका सीधा असर भारत जैसे आयातक देशों पर पड़ सकता है। इसके अलावा, विदेशी निवेशकों की बिकवाली और हालिया तेजी के बाद मुनाफावसूली ने भी बाजार पर दबाव बढ़ाया। बाजार में बैंकिंग, आईटी और ऑटो सेक्टर के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई, जिससे निवेशकों की धारणा कमजोर हुई। सतीश मोरे/19मार्च ---