सेंसेक्स 633, निफ्टी 196 अंक उछला मुंबई (ईएमएस) । भारतीय शेयर बुधवार को बढ़त के साथ बंद हुआ सप्ताह के तीसरे ही कारोबारी दिन बाजार में ये उछाल दुनिया भर के बाजारों से मिले अच्छे संकेतों के साथ ही खरीददारी हावी रहने से आया है। आज आईटी और रियल्टी शेयरों में आये उछाल से भी बाजार को बल मिला। दिन भर के कारोबार के बाद 30 शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 633.29 अंक बढ़कर 76,704.13 पर बंद हुआ। वहीं 50 शेयरों पर आधारित एनएसई निफ्टी 196.65 अंक ऊपर आकर 23,777.80 पर बंद हुआ। आज व्यापक बाजारों ने बेहतर प्रदर्शन किया और निफ्टी मिडकैप में 2.02 फीसदी और निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स में 1.67 फीसदी की बढ़त आई। सेक्टरवार देखें तो निफ्टी मीडिया, निफ्टी आईटी और निफ्टी रियल्टी में भी तेजी रही। । इसके अलावा, निफ्टी ऑटो , निफ्टी बैंक और निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज में बढ़त दर्ज की गई। जबकि निफ्टी एफएमसीजी में मामूली गिरावट रही। निफ्टी में टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, इंफोसिस, अदाणी पोर्ट्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टीसीएस, एक्सिस बैंक, इंडिगो, एलएंडटी, बजाज फाइनेंस और अदाणी इंटरप्राइजेज के शेयरों में सबसे ज्यादा उछाल आया। वहीं सिप्ला, एचयूएल, कोल इंडिया, एनटीपीस, सनफार्मा, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स, अपोलो हॉस्पिटल्स और हिंडाल्को के शेयर गिरे। सेंसेक्स में आई इस तेजी से बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों के कुल बाजार पूंजीकरण में लगभग 5 लाख करोड़ रुपए की बढ़त आई। जिससे यह पहले के 433 लाख करोड़ रुपए से बढ़कर 438 लाख करोड़ रुपए से अधिक हो गया। इससे पहले आज सुबह बाजार तेजी के साथ खुला। शुरुआती कारोबार में ही बाजार में उछाल देखने में आया। आईटी और वाहन कंपनियों के शेयरों में खरीददारी से प्रमुख सूचकांक में उछाल आया। सुबह सेंसेक्स करीब 200 अंकों की बढ़त के साथ ही 76,257 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया जबकि निफ्टी भी 65 अंकों से अधिक की तेजी के साथ खुलकर 23,646 तक पहुंचा। निफ्टी में जिन कंपनियों के शेयरों में सबसे ज्यादा बढ़त तेजी आई उसमें टाटा कंसलटेंसी सर्विसेज, विप्रो और श्रीराम फाइनेंस शामिल रहे। इन शेयरों में अच्छी खरीदारी से सूचकांक उछला। आज मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी तेजी रही। वैश्विक संकेतों का प्रभाव भी घरेलू बाजार पर दिखा। निवेशकों की नजरें अब अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरन रिजर्व पर टिकी हैं। माना जा रहा है कि इस बार ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया किया जाएगा। एशियाई बाजारों में भी अच्छा माहौल रहा। जापान का निकेई 225 2 फीसदी से अधिक की बढ़त के साथ कारोबार करता नजर आया। वहीं आंकड़ों के अनुसार फरवरी में जापान के निर्यात में सालाना आधार पर 4.2 फीसदी की बढ़ोतरी रही। दक्षिण कोरिया का क्रोस्पी लगभग 4 फीसदी की जोरदार बढ़त के साथ क्षेत्रीय बाजारों में सबसे आगे रहा। वहीं चीन का सीएसआई 300 और हांगकांग का हेंग सेंग भी हल्की बढ़त के साथ कारोबार करते दिखा। दूसरी ओर अमेरिकी बाजारों की बात करें तो वॉल स्ट्रीट में भी सकारात्मक माहौल रहा। एसएंडपी 500 और डॉओ जोंस इंडस्ट्रीयल औसत हल्की बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि नेसडेक कंपोजिट में भी अच्छी तेजी आई। ईएमएस 18 मार्च 2026