- पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार राजगढ़(ईएमएस)l जिले के खिलचीपुर थाना क्षेत्र के दोलाज गांव में कुएं में मिली 45 वर्षीय ललता बाई की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में केस दर्ज किया है। पुलिस ने पति, सास और ससुर के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। जांच में सामने आए मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के आरोपों ने मामले को नया मोड़ दे दिया है, हालांकि अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आना बाकी है। पुलिस के अनुसार, परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों और प्रारंभिक जांच के आधार पर मृतिका के पति रोडमल (उर्फ रोड जी) दांगी, ससुर देवीलाल दांगी और सास बादाम बाई, निवासी दोलाज के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108, 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों को बुधवार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। - कुएं में मिली थी महिला की लाश गौरतलब है कि 15 मार्च की सुबह गांव के पास स्थित कुएं में महिला का शव मिला था। कुएं के पास साड़ी और जूते पड़े मिलने के बाद ग्रामीणों को संदेह हुआ। जब उन्होंने कुएं में झांककर देखा तो अंदर शव दिखाई दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने शव को बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी, जिससे पूरे गांव में सनसनी फैल गई। मृतिका की बेटी गायत्री मां का शव देखते ही बिलख पड़ी और उसने अपने पिता, दादा और दादी पर हत्या के गंभीर आरोप लगाए। बेटी के इन आरोपों ने मामले को और अधिक संवेदनशील बना दिया है। मायके पक्ष के लोगों का कहना है कि ललता बाई को शादी के बाद से ही ससुराल में लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। खिलचीपुर थाना प्रभारी टीआई उमाशंकर मुकाती ने बताया कि मामले में परिजनों के आरोपों और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर केस दर्ज किया गया है। अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।-निखिल/राजगढ़/19/3/2026