- थाना प्रभारी पदमुक्त और लाइन हाजिर मुजफ्फरपुर, (ईएमएस)। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट थाना क्षेत्र के एशिया गांव में ग्रामीणों और पुलिस के बीच हुई झड़प में गोली लगने से 60 साल के एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान 60 वर्षीय जगतवीर राय के रूप में हुई है। गोली उनके सीने में लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि, स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि राय की मौत पुलिस की गोलीबारी में हुई, जबकि प्रशासन का कहना है कि गोलीबारी का सही कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने कहा कि पुलिस की एक टीम एशिया गांव में यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो एक्ट) के तहत दर्ज एक मामले में आरोपी को गिरफ्तार करने गई थी। यह मामला 2023 में इसी गांव में हुई एक घटना से जुड़ा था, जिसमें चोरी के शक में कथित तौर पर एक नाबालिग लड़की को अपने कपड़े उतारने के लिए मजबूर किया गया था। बाद में पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज की थी। मिश्रा के अनुसार, जब पुलिस गांव पहुंची, तो आरोपी ने किसी और के घर में शरण ले ली और ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया। इस झड़प के दौरान दूसरी तरफ से भी गोलीबारी हुई। मिश्रा ने कहा, इस घटना में हमारे तीन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। ग्रामीण आरोप लगा रहे हैं कि जगतवीर राय की मौत पुलिस की गोलीबारी में हुई, लेकिन इसकी पुष्टि अभी बाकी है, क्योंकि दोनों तरफ से गोलियां चलाई गई थीं। - गायघाट के थाना प्रभारी तत्काल प्रभाव से पदमुक्त और लाइन हाजिर एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने कड़ा रुख अपनाया है। अनुशासन और कानून-व्यवस्था को बनाए रखने के उद्देश्य से, गायघाट के थाना प्रभारी राजा सिंह को तत्काल प्रभाव से पदमुक्त कर लाइन हाजिर कर दिया गया है। बताया गया है कि तिरहुत प्रक्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक (डीआईजी) चंदन कुशवाहा के अनुमोदन के बाद, प्रशासनिक दृष्टिकोण से राजा सिंह को वापस पुलिस केंद्र (लाइन) भेजने का निर्णय लिया गया। संतोष झा- १९ मार्च/२०२६/ईएमएस