रायपुर (ईएमएस)। विधानसभा के प्रश्नकाल में सरगुजा जिले के पुलिस थानों और चौकियों के भवन निर्माण का मुद्दा गरमा गया। क्षेत्रीय विधायक प्रबोध मिंज ने पुलिस इंफ्रास्ट्रक्चर की बदहाल स्थिति को उठाते हुए सरकार से सीधे जवाब की मांग की। मिंज ने रघुनाथपुर पुलिस चौकी सहित कई स्थानों पर लंबे समय से लंबित निर्माण कार्यों पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि भवन निर्माण में हो रही देरी से पुलिसकर्मियों को भारी असुविधा झेलनी पड़ रही है, जिसका सीधा असर कानून-व्यवस्था पर भी पड़ सकता है। उन्होंने सरकार से स्पष्ट पूछा कि आखिर ये निर्माण कार्य कब तक पूरे होंगे। इस पर गृहमंत्री विजय शर्मा ने जवाब देते हुए कहा कि संबंधित जगहों के लिए जमीन की तलाश जारी है और विभागीय प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जमीन से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। हालांकि, मंत्री के इस जवाब से असंतुष्ट मिंज ने पलटवार करते हुए कहा कि जिन स्थानों की बात हो रही है, वहां जमीन पहले से उपलब्ध है और पंचायत की ओर से एनओसी भी दी जा चुकी है। ऐसे में निर्माण कार्य का अटका रहना कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने सरकार से प्रक्रिया में तेजी लाकर तत्काल काम शुरू कराने की मांग की। मामले पर दोबारा सफाई देते हुए गृहमंत्री ने कहा कि मामला जमीन से जुड़ा है और विभाग इस दिशा में काम कर रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/19 मार्च 2026