व्यापार
19-Mar-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। हरियाणा स्थित बासमती चावल निर्यातक अमीर चंद जगदीश कुमार (एक्सपोर्ट्स) लिमिटेड ने अपने आगामी प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के लिए शेयर मूल्य दायरा 201 से 212 रुपये प्रति शेयर तय किया है। इस मूल्य सीमा के आधार पर कंपनी का कुल मूल्यांकन लगभग 2,200 करोड़ रुपए आंका गया है। आईपीओ पूरी तरह से नए निर्गम पर आधारित है और इसमें कोई ऑफ़र फॉर सेल शामिल नहीं है। कंपनी ने घोषणा की है कि इसका आईपीओ 24 मार्च को खुलेगा और 27 मार्च को बंद होगा। निवेशकों के लिए बोली प्रक्रिया 23 मार्च को आयोजित की जाएगी। इस निर्गम से जुटाई गई राशि का इस्तेमाल मुख्य रूप से कार्यशील पूंजी की जरूरतों और सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा। अमीर चंद जगदीश कुमार (एक्सपोर्ट्स) लिमिटेड भारत में बासमती चावल का प्रसंस्करण और निर्यात करने वाली प्रमुख कंपनी है। अपने उत्पादों का विपणन कंपनी मुख्य रूप से ‘एरोप्लेन’ ब्रांड के तहत करती है। यह ब्रांड निर्यात बाजार में काफी पहचान रखता है और इसके उत्पाद कई देशों में उपलब्ध हैं। भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड ने अक्टूबर 2025 में इस आईपीओ को मंजूरी दी थी। कंपनी के शेयर 2 अप्रैल 2026 को शेयर बाजार में सूचीबद्ध हो सकते हैं। निवेशकों के लिए यह अवसर कंपनी के दीर्घकालिक विकास और निर्यात विस्तार में भागीदारी का एक तरीका प्रदान करता है। सतीश मोरे/19मार्च ---