-साइबर गैंग ने फरवरी और मार्च के बीच देशभर में करीब 40 करोड़ रुपए की ठगी की नई दिल्ली,(ईएमएस)। हरियाणा की गुरुग्राम पुलिस ने साइबर नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के मुताबिक इस साइबर गैंग ने फरवरी और मार्च के बीच देशभर में करीब 40 करोड़ रुपए की ठगी की है। इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी एक नहीं, बल्कि 5 तरह की धोखाधड़ी में माहिर थे। इनमें इंवेस्टमेंट फ्रॉड, लोन फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, साइबर स्लेवरी और क्रेडिट कार्ड फ्रॉड शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने 4 लाख रुपए नगद, 11 स्मार्टफोन और 2 सिम कार्ड बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक ये गिरोह लोगों को निवेश के नाम पर झांसा देता था और कम समय में मोटा मुनाफा कमाने का लालच देता था। ये आरोपी साइबर स्लेवरी क्रेडिट कार्ड फ्रॉड और फर्जी डिजिटल अरेस्ट के जरिए भी लोगों को अपना शिकार बनाते थे। भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र को जांच में पता चला कि इस गैंग के खिलाफ पूरे भारत में 3,571 से ज्यादा शिकायतें दर्ज हैं। इस नेटवर्क से जुड़े कुल 96 मामले पहले ही दर्ज किए जा चुके हैं। जांच में ये भी पाया कि इस गिरोह ने ऑनलाइन धोखाधड़ी के जरिए करीब 40 करोड़ रुपये ठगे हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक साइबर अपराध शाखा के एसीपी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी गुरुग्राम में भी कई वारदातों में शामिल थे। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। एसीपी ने लोगों से अपील की कि डिजिटल फ्रॉड के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, ऐसे में आप किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और न ही फोन पर अपनी निजी जानकारी साझा करें। सिराज/ईएमएस 19मार्च26