राष्ट्रीय
19-Mar-2026


-घटना का विरोध करने आई महिला को भी पीटा, पीड़ित के बेटे ने लगाए आरोप लातेहार,(ईएमएस)। झारखंड के लातेहार जिले में ग्रामीणों ने एक बुजुर्ग व्यक्ति को ‘जादू टोना करने वाला’ करार देने के बाद उसे पेशाब पीने के लिए मजबूर किया। पीड़ित के बेटे बृजेश मुंडा ने आरोप लगाते हुए कहा कि यह घटना मंगलवार को नेतरहाट पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले दौना गांव में हुई। बेटे ने बताया कि ग्रामीणों ने पीड़ित की पत्नी के साथ भी ऐसा ही करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने इसका विरोध किया। वहीं, एक स्वास्थ्यकर्मी को ग्रामीणों की इस हरकत का विरोध करने पर पीटा गया और वहां से भगा दिया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बृजेश मुंडा ने दावा किया है कि यह हमला हाल में एक सड़क दुर्घटना में एक महिला की मौत के बाद हुआ, जिसमें ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यह उसके पिता के काले जादू के कारण हुआ था। इसके बाद तकरीबन 15 ग्रामीणों के एक समूह ने बैठक बुलाई और कथित हमले से पहले उसके पिता को जादू टोना करने वाला करार दिया। वहीं एक स्वास्थ्यकर्मी के पति ने दावा किया कि इस घटना के दौरान उनकी पत्नी को पीटा गया। बृजेश मुंडा ने आरोप लगाया है कि बुधवार को पीड़ित ने पुलिस से संपर्क किया, लेकिन उसे वापस भेज दिया गया। रिपोर्ट के मुताबिक एसपी ने बताया कि यह मामला उनके संज्ञान में आया है। पुलिस की एक टीम ने ग्रामीणों से पूछताछ की है, लेकिन घटना की पुष्टि अभी नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा कि अब तक कोई औपचारिक मामला दर्ज नहीं किया गया है, लेकिन शिकायत मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सिराज/ईएमएस 19मार्च26