भोपाल(ईएमएस)। रायसेन रोड स्थित पटेल नगर के जागृत एवं दर्शनीय तीर्थ स्थल दादाजी धाम मंदिर में चैत्र नवरात्रि पर्व के पावन अवसर पर विक्रम संवत 2083 (नव संवत्सर) एवं गुड़ी पड़वा का शुभारंभ गुरुवार से श्रद्धा एवं भक्ति के साथ किया गया। इस अवसर पर मंदिर में धर्म ध्वजा फेहराई गई तथा नवरात्रि के प्रथम दिवस पर माता रानी के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। माता रानी का विशेष श्रृंगार पूरे नौ दिनों तक किया जाएगा। गुरुवार को नवरात्रि के प्रथम दिन श्रद्धालुओं द्वारा सैकड़ों की संख्या में अखंड दीप प्रज्वलित किए गए, जिससे पूरे मंदिर परिसर में भक्ति एवं आस्था का दिव्य वातावरण निर्मित होगा। मंदिर को आकर्षक विद्युत सज्जा से सुसज्जित किया गया है, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। पूजा-अर्चना पंडित राजेन्द्र पलिया द्वारा विधिवत संपन्न कराई गई, जिसमें जजमान के रूप में अखिलेश श्रीवास्तव एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती श्रद्धा श्रीवास्तव उपस्थित रहे। साथ ही नववर्ष के शुभ अवसर पर श्रद्धालुओं द्वारा सूर्य भगवान को अर्घ्य अर्पित किया गया। सायंकाल 5 बजे से महिलाओं द्वारा माता रानी के भजन प्रस्तुत किए गए, जिससे वातावरण भक्तिमय हो उठा। आरती के पश्चात सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर श्री श्री 1008 श्री दादाजी गुरुदेव चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष शिवरतन नामदेव एवं ट्रस्ट के समस्त सदस्यों ने सभी श्रद्धालुओं को नव विक्रम संवत्सर 2083 के शुभारंभ की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। हरि प्रसाद पाल / 19 मार्च, 2026