क्षेत्रीय
19-Mar-2026


षष्ठी माता मंदिर में इसबार 4000 अखंड ज्योत प्रज्वलित छिदंवाड़ा (ईएमएस)। जिले की चौरई तहसील के ग्राम कपुर्दा में स्थित षष्ठी माता मंदिर देवी भक्तों के लिए वर्षों से धार्मिक आस्था का एक प्रमुख केंद्र बना हुआ है। यूं तो पूरे वर्ष यहंा श्रद्धालुओं का मंदिर में पूजन अर्चन के लिए आना लगा रहता है लेकिन चैत्र और शारदेय नवरात्र में यहां भक्ति का सागर उमड़ पड़ता है। चैत्र नवरात्र में इसवर्ष भी पहले ही दिन से यहंा भक्त उमड़ने लगे हैं। यह मंदिर अपनी विशेष मान्यताओं और भव्य आयोजन के लिए प्रसिद्ध है। यही कारण है कि सालभर यहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है, विशेषकर मंगलवार और शनिवार को यहां भक्तों की उपस्थिति अधिक देखी जाती है। षष्ठी माता मंदिर का विशेष महत्व है। यहां आने वाले भक्तों का मानना है कि माता के दर्शन मात्र से सभी कष्ट दूर हो जाते हैं। माता के प्रति आस्था और विश्वास के चलते यहां हर वर्ष नवरात्रि पर भक्तों का उत्साह चरम पर रहता है। इस नवरात्रि पर्व के दौरान मंदिर में भव्य आयोजन की तैयारियां जोरों पर हैं। मंदिर प्रबंधन समिति के अनुसार इस बार 4हजार से अधिक ज्योति कलश की स्थापना की जाएगी। यह आयोजन भक्तों के उत्साह और श्रद्धा का प्रतीक है। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है, जिससे भक्तों को आध्यात्मिक शांति का अनुभव हो। नवरात्रि के नौ दिनों के दौरान यहां प्रतिदिन हजारों की संख्या में भक्तजन पहुंचते हैं। श्रद्धालु मां षष्ठी के दर्शन के लिए दूर-दराज के गांवों और शहरों से आते हैं। भक्तजन अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए विशेष पूजा-अर्चना और ज्योति कलश स्थापित करते हैं। नवरात्र के दौरान पंचमी और अष्टमी के दिन यहंा भारी भीड़ उमड़ती है। नौ दिन यहां दर्शनार्थियों के लिए दर्शन करने के लिए विशेष इंतजाम किए जाते हैं। ईएमएस/मोहने/ 19 मार्च 2026