क्षेत्रीय
19-Mar-2026


परासिया,अमरवाड़ा,तामिया में भी बरसा पानी, शहर में चली तेज हवाएं छिंदवाड़ा (ईएमएस)। पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोन सकुर्लेशन सिस्टम के एक्टिव होने का असर गुरुवार को छिंदवाड़ा और पांढुर्णा में दिखा। पांढुर्णा क्षेत्र में तेज बारिश के साथ ओले भी गिरे। हवा के साथ मूसलाधार पानी और ओलो के गिरने से खेतों को खासा नुकसान पहुंचने की संभावना है। छिंदवाड़ा जिले के परासिया, तामिया,अमरवाड़ा और छिंदी क्षेत्र में भी तेज बारिश होने की खबर है। ध्यान रहे कई खेतों में गेहूं की कटाई चल रही है तो कुछ किसान कटाई के लिए तैयारी कर रहे हैं। पांढुर्णा जिले के बुचनखापा ओर भाजीपानी गांव में गुरुवार शाम अचानक मौसम बदल गया। यहां करीब 35 मिनट तक तेज ओलावृष्टि और बारिश हुई। इससे गेहूं और संतरे की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। ओलों के कारण खेतों में खड़ी गेहूं की फसल की बालियां झुक गईं। संतरे के बागानों में भी फल झड़ गए, जिससे किसानों को बड़ा नुकसान हुआ है। नांदनवाउ़ी, अंबाड़ा, बूचनखापा, भाजीपानी सहित अन्य ग्रामीण इलाकों में ओले गिरे। यहंा के किसानों ने बताया कि चने के आकार के ओले गिरे हैं। फसल कटाई के समय ऐसी बारिश और ओले गिरना किसानों के लिए बड़ा झटका है।ओलावृष्टि के दौरान तेज हवाएं भी चली और बिजली भी कड़की। खेतों में खड़ी फसलें हवा और ओलावृष्टि से आड़ी बिछ गई है। दोपहर बाद छाए रहे घने बादल छिंदवाड़ा शहर में भी दोहपर बाद अचानक घने बादल छाए दिखे। शाम को चार से छह बजे के बीच तेज बारिश का माहौल यहंा भी बना लेकिन शहरी क्षेत्र में बारिश नहीं हुई। शाम को तेज हवाएं भी चली। बारिश का मौसम बनने के कारण दिन का तापमान भी गिरकर 28 डिग्री के आसपास आ गया है। देर शाम से ठंडी हवाएं भी शहर में चली। शुक्रवार को जिले की कृषि उपज मंडियां खुली रहेंगी। मौसम को देखते हुए किसानों से फसलों को मंडी में लाते समय उनके बचाव के लिए पन्नियां और अन्य व्यवस्थाएं करके लाने भी कहा गया है। दो दिन मौसम ऐसे ही रहने का अनुमान आंचलिक कृषि अनुसंधान केंद्र में मौसम केंद्र के नोडल अधिकारी ने बताया कि मौसम का यह रुख 21 मार्च तक रहेगा। शुक्रवार और शनिवार को भी जिले में कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। इस दौरान जिले के कुछ हिस्सों में हल्के बादल तो कहीं घने बादल छाए रहेंगे। तेज आंधी के साथ कहीं हल्की और तेज बारिश भी हो सकती है। फिलहाल लोगों को मौसम में ठंडक होने पर राहत मिली है। गुरुवार को यदि बारिश होती है तो तापमान और एक से दो डिग्री नीचे गिर सकता है। ईएमएस/मोहने/ 19 मार्च 2026