राष्ट्रीय
20-Mar-2026
...


-ऐप के जरिए ठग आपके फोन में मौजूद संवेदनशील जानकारी हासिल कर लेते हैं तिरुवनंतपुरम,(ईएमएस)। अगर आपके मोबाइल पर अचानक गैस बुकिंग अपडेट या एलपीजी बिल पेंडिंग का मैसेज आए, तो यह कोई साधारण नोटिफिकेशन नहीं, बल्कि एक साइबर ट्रैप हो सकता है इसलिए सावधान रहें। केरल पुलिस ने एक नए तरह के फ्रॉड को लेकर अलर्ट जारी किया है, जिसमें ठग गैस सिलेंडर बुकिंग के बहाने लोगों के बैंक अकाउंट तक पहुंच बना रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट में एजेंसी के मुताबिक साइबर ठग इन दिनों एलपीजी सिलेंडर की कमी की खबरों के बीच लोगों की परेशानी का फायदा उठा रहे हैं। सबसे पहले आपके मोबाइल पर एक एसएमएस आता है, जिसमें लिखा होता है कि आपका गैस बिल अपडेट करना है या बुकिंग अधूरी है। इसके बाद ठग व्हाटसएप के जरिए आपसे संपर्क करते हैं और एक फाइल भेजते हैं-जिसका नाम होता है गैस बिल अपडेट एपीके। यह एपीके फाइल असल में एक खतरनाक ऐप होती है। जैसे ही कोई यूजर इसे इंस्टॉल करता है, उसका पूरा मोबाइल फोन ठगों के कंट्रोल में चला जाता है। इस ऐप के जरिए ठग आपके फोन में मौजूद संवेदनशील जानकारी हासिल कर लेते हैं। इसमें आपके बैंकिंग ऐप्स, यूपीआई डिटेल्स, पासवर्ड और यहां तक कि ओटीपी भी शामिल हो सकते हैं। इसके बाद बिना आपकी जानकारी के आपके बैंक अकाउंट से पैसे गायब होने लगते हैं। कई मामलों में लोगों को तब पता चलता है जब उनके अकाउंट से रकम निकल चुकी होती है। विशेषज्ञों का मानना है कि डिजिटल पेमेंट और ऑनलाइन सर्विसेज के बढ़ते इस्तेमाल के साथ साइबर फ्रॉड के तरीके भी तेजी से बदल रहे हैं। गैस बुकिंग जैसी रोजमर्रा की सेवाओं को निशाना बनाना इसलिए आसान है, क्योंकि लोग इनसे जुड़े मैसेज पर जल्दी भरोसा कर लेते हैं। ऊपर से अगर मैसेज में अर्जेंट या लास्ट चांस जैसे शब्द हों, तो लोग जल्द लिंक पर क्लिक कर देते हैं। केरल पुलिस ने साफ कहा है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और व्हाटसएप या एसएमएस के जरिए आए एपीके फाइल को कभी भी डाउनलोड या इंस्टॉल न करें। अगर गलती से आपने ऐसा कोई ऐप इंस्टॉल कर लिया है या आपको लगता है कि आपके साथ फ्रॉड हुआ है, तो तुरंत कार्रवाई करें। सबसे पहले अपने बैंक को जानकारी दें और अपने अकाउंट को सेफ करें। इसके बाद राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें। सिराज/ईएमएस 20 मार्च 2026