नई दिल्ली,(ईएमएस)। दिल्ली-एनसीआर में पिछले दो दिनों की तरह आज भी मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। हवा और बारिश से प्रदूषण में राहत मिली है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक, बारिश और तेज हवाओं के कारण दिल्ली-एनसीआर के अधिकांश इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) अब ग्रीन और येलो जोन में पहुंच गया है। अलीपुर, आया नगर और कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स जैसे इलाकों में एक्यूआई 100 से नीचे दर्ज किया गया है, जो संतोषजनक श्रेणी में आता है। आनंद विहार, बवाना और चांदनी चौक जैसे व्यस्त इलाकों में एक्यूआई 116 से 178 के बीच रहा, जो मध्यम श्रेणी को दर्शाता है। हालांकि, बुराड़ी क्षेत्र में प्रदूषण का स्तर अभी भी चिंताजनक है, जहां एक्यूआई 366 के साथ रेड जोन में बना हुआ है। नोएडा और गाजियाबाद के भी अधिकांश सेक्टरों में प्रदूषण का स्तर मध्यम श्रेणी में दर्ज किया गया है, जिससे स्थानीय निवासियों को सांस लेने में काफी राहत मिली है।भारतीय मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, पूरे क्षेत्र में बादलों का डेरा रहेगा और दिनभर हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। विभाग ने चेतावनी दी है कि क्षेत्र में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जो झोंकों के रूप में 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। इसे देखते हुए आम जनता को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। आज अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया है। सुबह से ही आसमान में छाई धुंध और बादलों के बीच कई इलाकों में हल्की बौछारें देखने को मिलीं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आज सुबह से लेकर रात तक अलग-अलग चरणों में गरज-चमक के साथ बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। इस मौसमी बदलाव का सबसे सकारात्मक असर क्षेत्र की वायु गुणवत्ता पर पड़ा है। आगामी दिनों की बात करें तो 20 मार्च को भी बादल छाए रहने और गरज-चमक की संभावना बनी हुई है। इसके बाद 21 और 22 मार्च को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, लेकिन 23 मार्च से मौसम पूरी तरह साफ होने और धूप खिलने की उम्मीद है। अगले हफ्ते के मध्य तक तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी और यह 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वीरेंद्र/ईएमएस/20मार्च2026