भोपाल(ईएमएस)। शहर के कमला नगर थाना इलाके में बीती रात एक युवक के घर पहुंचे आधा दर्जन बदमाशो ने पहले तो उसे बात करने के लिये बाहर बुलाया और फिर विवाद करते हुए उस पर तलवारों से हमला कर गंभीर रुप से घायल कर दिया। युवक को लहूलुहान कर बदमाश उसे मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला कायम कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक न्यू शबरी नगर में रहने वाला 21 वर्षीय अंकित खटीक पोस्ट ऑफिस कार्यालय में काम करता है। बीती रात वह अपने घर पर था, तभी उसे बुलाने के लिए अमन चोटी आया। उसके बुलाने पर वह घर के बाहर गया तो देखा की आरोपी अमन के साथी विपिन, मन्नू, भोला व एक अन्य युवक भी मौजूद थे। सभी ने उसके साथ गाली-गलौच करते हुए घेरकर जमकर मारपीट की और फिर उस पर तलवारों से हमला कर दिया घायल कर दिया। अमन के चीखने की आवाजे सुनकर परिजन और आसपास के लोग बाहर आए जिन्हें देख बदमाश अमन को जान से मारने की धमकी देकर वहॉ से भाग गए। बाद में परिवार वालो ने उसे इलाज के लिये अस्पताल पहुचांया जहॉ उसका उपचार जारी है। सूचना मिलने पर पहुचीं पुलिस ने फरार आरोपियो के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरु कर दी है। पुलिस का मानना है की फरियादी के साथ आरोपियो ने पुरानी रजिंश के चलते मारपीट की है, हालांकि घटना के सही कारणो का खुलासा आरोपियो की गिरफ्तारी के बाद ही हो सकेगा। जुनेद / 20 मार्च