बालोद(ईएमएस)। जिले के दल्लीराजहरा वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम जबकोहड़ा में शनिवार को एक भालू खुले कुएं में गिर गया। ग्रामीणों की सतर्कता और वन विभाग की तत्परता से भालू को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। जानकारी के अनुसार, डौंडी विकासखंड के इस गांव में स्थित एक खुले कुएं में अचानक भालू गिर गया, जिसे देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। इसके बाद तुरंत वन विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही बालोद वनमंडलाधिकारी के निर्देश पर उप वनमंडलाधिकारी जीवन सिन्हा, दल्लीराजहरा रेंजर और बालोद उड़नदस्ता की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू के लिए टीम ने कुएं के अंदर लकड़ी की सीढ़ी डाली, ताकि भालू खुद बाहर निकल सके। कुछ देर बाद भालू ने सीढ़ी का सहारा लेकर कुएं से बाहर निकलने में सफलता पाई और बाहर आते ही तेजी से जंगल की ओर भाग गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जो अब चर्चा का विषय बना हुआ है। उपवनमंडलाधिकारी जीवन सिन्हा ने बताया कि समय पर सूचना मिलने के कारण रेस्क्यू अभियान सफल रहा और भालू को बिना किसी नुकसान के सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया। सत्यप्रकाश(ईएमएस)21 मार्च 2026