क्षेत्रीय
21-Mar-2026
...


कोरबा (ईएमएस) वनमंडल कोरबा के ग्राम केराकछार व बड़मार क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी के चलते ग्रामीणों को खतरा बना हुआ है। ग्राम करतला के बड़मार क्षेत्र में एक लोनर हाथी विचरण कर रहा था। गांव के ग्रामीण महुआ संग्रहण के लिए जंगल गए हुए थे। तभी उनका सामना लोनर हाथी से हो गया। लोनर हाथी को देख ग्रामीणों ने भाग कर अपनी जान बचाई। इस दौरान एक ग्रामीण गिर कर घायल हो गया। वन विभाग को सूचना मिलने पर उसके अधिकारी व कर्मचारी तत्काल मौके पर पहुंचे और ग्रामीण को उपचार के लिए चिकित्सालय भिजवाया, जहां चिकित्सको ने प्राथमिक उपचार के बाद ग्रामीण को छुट्टी दे दी। लोनर हाथी दिन भर क्षेत्र में विचरण करता रहा। शाम होने के बाद आगे का रूख करते हुए वापस छाल रेंज पहुंच गया। लोनर हाथी एक दिन पूर्व ही करतला रेंज में प्रवेश किया था और जंगल ही जंगल होते हुए बड़मार क्षेत्र में पहुंच गया था। वनविभाग के अधिकारियों के मुताबिक लोनर हाथी के क्षेत्र में आने की जानकारी देते हुए ग्रामीणों को जंगल ना जाने की सलाह दी गई थी। लेकिन ग्रामीण वन विभाग की चेतावनी पर सलाह को नजरअंदाज कर महुआ संग्रहण के लिए बड़ी संख्या में जंगल पहुंच गए थे। जहां हाथी से उनका सामना हो गया। गनिमत यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। 21 मार्च / मित्तल