दुर्ग(ईएमएस)। जिले के भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) से लोहे का स्क्रैप चोरी करने वाले गिरोह का दुर्ग पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि गिरोह के अन्य पांच सदस्य अभी फरार हैं। पुलिस के अनुसार, घटना 16 मार्च की है, जब आरोपियों ने भिलाई इस्पात संयंत्र के ब्लास्टिंग यार्ड क्षेत्र में अवैध रूप से प्रवेश कर लोहे के स्क्रैप की चोरी की। यह क्षेत्र अत्यंत संवेदनशील है, जहां आम लोगों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहता है। 17 मार्च को सीआईएसएफ की शिकायत पर थाना भिलाई भट्ठी में मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी राकेश कुमार सोनकर को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1030 किलोग्राम लोहे का स्क्रैप और घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन जब्त किया है। जब्त सामग्री की कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई जा रही है। मामले में कुल छह आरोपियों की पहचान हुई है। इनमें राकेश कुमार सोनकर को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि आकाश राव पुरके, नरेश कलेथ, पुष्पेंद्र दीप, मनोज कुम्भार और मनोज कुमार गुप्ता फरार हैं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।