क्षेत्रीय
21-Mar-2026
...


- फर्जी अलॉटमेंट लेटर से महिला को बनाया शिकार रायपुर(ईएमएस)। राजधानी रायपुर में रायपुर विकास प्राधिकरण (RDA) का मकान दिलाने के नाम पर एक महिला से 7.10 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने फर्जी आवंटन पत्र देकर महिला को झांसे में लिया। मामले का खुलासा तब हुआ, जब पीड़िता कब्जा लेने आरडीए कार्यालय पहुंची। माना थाना पुलिस के अनुसार, पीड़िता कविता मंडल (38), निवासी माना कैंप, अपना घर लेना चाहती थी। इसी दौरान जुलाई 2024 में उसका संपर्क राकेश मंडल, सरिता मंडल और पुनीत सिंह से हुआ। आरोपियों ने खुद को आरडीए में प्रभावशाली बताते हुए मकान दिलाने का भरोसा दिलाया। आरोपियों ने 8 जुलाई से 22 जुलाई 2024 के बीच अलग-अलग किस्तों में कुल 7.10 लाख रुपये वसूल लिए। विश्वास कायम करने के लिए उन्होंने आरडीए के फर्जी सील-सिक्के लगे आवंटन पत्र और अन्य दस्तावेज भी सौंप दिए। जब पीड़िता दस्तावेज लेकर आरडीए कार्यालय पहुंची, तो अधिकारियों ने कागजात को फर्जी बताया और स्पष्ट किया कि उसके नाम पर कोई मकान आवंटित नहीं हुआ है। इसके बाद पीड़िता ने आरोपियों से पैसे वापस मांगे, लेकिन वे लगातार टालमटोल करते रहे। आखिरकार पीड़िता ने कोर्ट का सहारा लिया। प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट गुरु प्रसाद देवांगन ने मामले को गंभीर मानते हुए माना थाना पुलिस को एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने राकेश मंडल, सरिता मंडल और पुनीत सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)21 मार्च 2026