क्षेत्रीय
21-Mar-2026
...


कांकेर(ईएमएस)। रामनवमी पर्व पर प्रस्तावित शोभायात्रा की तैयारियों को लेकर शिवसेना की बैठक शासकीय विश्रामगृह में आयोजित की गई। बैठक का नेतृत्व प्रदेश सचिव महेश वासुदेव दुबे ने किया, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक को संबोधित करते हुए महेश दुबे ने कहा कि भगवान श्रीराम केवल एक नाम नहीं, बल्कि आदर्श जीवन शैली के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि राम एक आदर्श पुत्र, भाई, पति और राजा के रूप में मर्यादा पुरुषोत्तम कहलाते हैं। कठिन परिस्थितियों में भी उन्होंने सत्य और धर्म का मार्ग नहीं छोड़ा और अंततः रावण का वध कर यह सिद्ध किया कि सत्य और अच्छाई की ही विजय होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि रामनवमी के पर्व पर भगवान राम के आदर्शों को अपनाते हुए अपने जीवन में प्रेम, करुणा और मर्यादा को स्थान दें। बैठक में अन्य पदाधिकारियों—अनेश नुरूटी, सुकचंद मंडावी, भोलापाल, रामनारायण उसेंडी और संत पटेल—ने बताया कि रामनवमी हिंदू धर्म का प्रमुख त्योहार है और शिवसेना द्वारा पिछले 42 वर्षों से निरंतर शोभायात्रा निकाली जा रही है। इस वर्ष 4 अप्रैल को रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में कांकेर जिले से हजारों कार्यकर्ताओं के शामिल होने की योजना है, जबकि 8 अप्रैल को कांकेर में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। बैठक के दौरान समर्पित कार्यकर्ताओं का तिलक और पुष्पमाला पहनाकर सम्मान किया गया। साथ ही आयोजन को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं। इस अवसर पर राजेंद्र यादव, धर्मेंद्र यादव, रोशन नाग, नानू सलाम, मनकुंवर उइके, उत्तम सिंह ठाकुर, सुमित दुग्गा, बलराम व्यापारी, प्रणवेश विश्वास, सुमन ध्रुव, कुलवंत कौमार्य, भोला नेताम सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। ईएमएस(राकेश गुप्ता)21 मार्च 2026