क्षेत्रीय
21-Mar-2026
...


नोएडा (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर जिला के ग्रेटर नोएडा पश्चिम में शनिवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा हुआ। इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। यहां गौर सिटी-1 की सातवें एवेन्यू सोसाइटी में बारहवीं मंजिल से गिरने के कारण 3 साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि बिसरख थाना क्षेत्र में स्थित एक निजी अस्पताल से सूचना मिली कि 3 साल के बच्चे को मृत अवस्था में लाया गया है। जांच में सामने आया कि बच्चा फ्लैट की बारहवीं मंजिल की बालकनी में खेल रहा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गया। गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बच्चे को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बिसरख थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मामला हादसा प्रतीत हो रहा है हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आवश्यक विधिक कार्रवाई जारी है। एवं मौके पर कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है। इस हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मासूम की असमय मौत से पूरे सोसाइटी परिसर में गहरा शोक व्याप्त है। स्थानीय लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/21/मार्च/2026