भिंड ( ईएमएस ) | देहात थाना क्षेत्र के कुसमरा गांव में शुक्रवार बीती रात 35 साल के युवक ने तमचे से फायर कर अपनी गर्दन में गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर दूसरे कमरे में मौजूद मां और भाई उसके पास पहुंचे तो वह लहूलुहान हालत में पड़ा था। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक का नाम रवि शाक्य था। वह हैदराबाद में किसी होटल में काम करता था। पांच दिन पहले ही वहां से फसल काटने के लिए लौटा था। मृतक के भाई मुकेश ने बताया कि शुक्रवार दोपहर वह मेरे साथ फसल काटने गया था। वहां से लौटने के बाद अपने कमरे में चला गया। इसके बाद रात में गोली चलने की आवाज आई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कमरा खुला हुआ था। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। शुरुआती जांच में पुलिस इसे आत्महत्या मान रही है। पुलिस के अनुसार , रवि शादीशुदा था। उसका एक बेटा भी था। करीब एक माह पहले उसकी साली की सगाई हुई थी, इसलिए उसकी पत्नी मायके में थी। घटना की खबर मिलते ही वह ससुराल लौट आई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा मर्ग कायम कर लिया है।