क्षेत्रीय
21-Mar-2026


कांग्रेस राज में छत्तीसगढ़ नशे का नेशनल हाईवे बन गया था - चौहान कांग्रेस ने नशा परोसा और हम नशा परोसने वालों को पकड़ रहे हैं:- चौहान रायपुर (ईएमएस) । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता के.एस. चौहान ने कहा कि कांग्रेस पार्टी आज प्रदेश में बढ़ते नशे को लेकर हाहाकार मचा रही है। लेकिन कांग्रेस पार्टी और उसके नेता यह भूल गए हैं कि प्रदेश में नशे के गोरख धंधे को कांग्रेस शासनकाल में पूरा संरक्षण मिला हुआ था। प्रदेश में शराब एवं अन्य नशे के धंधों से संलिप्त लोगों के खिलाफ कांग्रेस शासनकाल में एफआईआर तक दर्ज नहीं होती थी। उन्हें खुला छूट मिली हुई थी , लेकिन आज प्रदेश की साय सरकार नशे के कारोबारियों को पकड़ कर उस पर तत्काल कार्यवाही भी कर रही है। और यही बात कांग्रेस पार्टी और उसके नेताओं को रास नहीं आ रही है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता के.एस. चौहान ने कहा कि प्रदेश की साय सरकार प्रदेश के वातावरण को पुनः शांतिपूर्ण बनाने के लिए कार्य रही है। आज मुख्यमंत्री श्री साय के सुशासन में बस्तर नक्सल मुक्त होने जा रहा है। प्रदेश की वैश्विक छवि दुनिया में बढ़ी है। छत्तीसगढ़ में पुनः सुशासन स्थापित हो रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में तो शराबबंदी का वादा करने वाली पार्टी ने प्रदेश में शराब की अविरल धारा बहा रखी थी । शराब दुकानों में दो अलग-अलग कैश काउंटर होते थे। कोरोना काल में शराब की होम डिलीवरी तक कांग्रेस सरकार में की जा रही थी। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कहते थे कि प्रदेश में गांजे की एक पत्ती नहीं आने देंगे और उसके दीगर भारी मात्रा में पुलिस द्वारा गांजा जब्त किया जाता था। कांग्रेस शासनकाल में तो छत्तीसगढ़ में हर तरफ अपराधियों का बोलबाला रहा। नशा खोरों और अपराधियों की शरण स्थली रही है कांग्रेस । 2022 में, छत्तीसगढ़ के एक पूर्व अधिकारी ने झारखंड सरकार को छत्तीसगढ़ की तर्ज पर शराब वितरण मॉडल अपनाने का सुझाव दिया और इसके लिए उस अधिकारी को सलाहकार के रूप में नियुक्त किया गया। उन्होंने कहा कि भूपेश शासनकाल में छत्तीसगढ़ नशे का नेशनल हाईवे बन गया था। खुलेआम नशीले पदार्थों का व्यापार होता रहा। तत्कालीक कांग्रेस सरकार के संरक्षण में नशे के व्यापारियों ने छत्तीसगढ़ की एक अलग ही पहचान बना दी थी। कांग्रेस शासनकाल में छत्तीसगढ़ में 3 हजार करोड़ रुपए से अधिक का शराब घोटाला किया गया। आज वहीं कांग्रेसियों को नशे के व्यापारियों पर हो रही कार्यवाही दिख नहीं रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में नशे का कारोबार भरपूर फला और फूला। कांग्रेस पार्टी और उसके नेताओं को इस पर बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। एक बात तो स्पष्ट है कि कांग्रेस ने नशा परोसा और विष्णु के सुशासन वाली सरकार नशे के खिलाफ अभियान चलाकर ताबड़तोड़ कार्यवाही कर रही है । ईएमएस, २१ मार्च, २०२६