क्षेत्रीय
21-Mar-2026
...


दुर्ग(ईएमएस)। जिले के जामुल थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां गणेश नगर वार्ड-5 में रहने वाली 10 वर्षीय बच्ची गुरप्रीत कौर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार 19 मार्च की शाम को बच्ची का अपने बड़े भाई से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि भाई की डांट से आहत होकर चौथी कक्षा की छात्रा ने यह कदम उठाया। घटना के समय घर में कोई बड़ा सदस्य मौजूद नहीं था। बच्ची के पिता पेशे से ड्राइवर हैं और मां ब्यूटी पार्लर गई हुई थीं। कुछ देर बाद शोर सुनकर पड़ोसी और परिजन मौके पर पहुंचे और बच्ची को तुरंत भिलाई के बीएम शाह अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक बच्ची गुरप्रीत कौर स्वामी आत्मानंद स्कूल, जामुल की छात्रा थी। घटना के बाद परिवार और मोहल्ले में गहरा दुख छा गया है। गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार किया गया। जामुल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)21 मार्च 2026