21-Mar-2026
...


- रोजाना के पारिवारिक विवाद से परेशान था मृतक राजगढ़(ईएमएस)l जिले के सारंगपुर क्षेत्र के मऊ में शुक्रवार रात करीब 9 बजे एक 62 वर्षीय बुजुर्ग ने ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान करोंदी गांव निवासी मानसिंह पिता भंवरजी के रूप में हुई है। घटना की सूचना पर पड़ाना चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, मानसिंह ने आत्महत्या करने से कुछ समय पहले पड़ाना चौकी पहुंचकर परिजनों से परेशान होने की शिकायत दर्ज कराई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह परिवार में रोजाना होने वाले विवादों और झगड़ों से काफी परेशान था।ग्रामीणों ने बताया कि मृतक मानसिंह पिता भंवरलाल भिलाला (हीरापुर) करौंदी निवासी था और कृषि का कार्य करता था। वह अपने परिवार से अलग रहता था और शुक्रवार दोपहर 12 बजे से घर से लापता था।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम रात में मौके पर पहुंची और शव बरामद किया। शनिवार सुबह सारंगपुर सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पड़ाना चौकी प्रभारी एसआई भंवरसिंह भूरिया ने बताया कि मामले में परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता लगाने के लिए सभी पहलुओं पर जांच जारी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। -निखिल/राजगढ़/21/3/2026