:: 21 विद्वान विश्व शांति के लिए कर रहे विशेष अनुष्ठान; राम नवमी पर होगा प्रभु का भव्य जन्मोत्सव :: इंदौर (ईएमएस)। विमानतल मार्ग स्थित विद्याधाम पर चैत्र नवरात्रि महोत्सव की भव्यता देखते ही बन रही है। यहाँ आयोजित सग्रहमख शतचंडी महायज्ञ में महामंडलेश्वर स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती के सानिध्य और आचार्य पं. राजेश शर्मा के निर्देशन में 21 विद्वानों द्वारा जन कल्याण के लिए विशेष आहुतियां समर्पित की जा रही हैं। आश्रम की यज्ञशाला में अब तक एक लाख से अधिक आहुतियां पूर्ण हो चुकी हैं। शनिवार को 21 यजमान जोड़ों ने माँ भगवती को उनके प्रिय व्यंजनों का भोग अर्पित किया। आश्रम परिवार के सुरेश शाहरा, पं. दिनेश शर्मा और राजेन्द्र महाजन ने बताया कि इस नौ दिवसीय अनुष्ठान का समापन राम नवमी (27 मार्च) को होगा। उस दिन सुबह 9 बजे श्रीराम यज्ञ का शुभारंभ होगा और दोपहर 12 बजे प्रभु श्रीराम का जन्मोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। शतचंडी महायज्ञ की पूर्णाहुति दोपहर 3 बजे संपन्न होगी। इससे पूर्व महाष्टमी (26 मार्च) के पावन अवसर पर दुर्गा सप्तशती के पाठ के साथ विशेष आहुतियां दी जाएंगी और सौभाग्यवती स्त्रियों एवं कन्याओं के पूजन का अनुष्ठान किया जाएगा। :: भक्ति और साधना का संगम :: आश्रम में प्रतिदिन नूतन श्रृंगार भक्तों को मंत्रमुग्ध कर रहा है। हाल ही में फूलों की रंगोली से किया गया माँ भगवती का श्रृंगार दर्शन के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा। आश्रम की दिनचर्या में सुबह 6 बजे से वैदिक संध्या वंदन, राजोपचार अभिषेक, और शाम 7:30 बजे 108 दीपों से महाआरती जैसे विशेष आयोजन शामिल हैं। दोपहर में सामूहिक दुर्गा सप्तशती पाठ और शाम को ललिता सहस्त्र नामावली से लक्ष्यार्चन आराधना की जा रही है। :: हनुमान जयंती की तैयारियां शुरू :: चैत्र नवरात्रि के साथ ही आश्रम में हनुमान जयंती महोत्सव की तैयारियां भी प्रारंभ हो गई हैं। हनुमान जयंती के दिन सुबह 6 बजे से चोला श्रृंगार और जन्मोत्सव के कार्यक्रम होंगे। शाम को भव्य महाआरती और रात 8 बजे से सुंदरकांड के पाठ का आयोजन किया जाएगा। वर्तमान में चल रहे अनुष्ठान में प्रतिदिन सुबह 9 से 12 और दोपहर 2:30 से शाम 6 बजे तक महायज्ञ की दिव्य धारा बह रही है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। प्रकाश/2 अप्रैल 2026