राज्य
21-Mar-2026
...


:: प्रभात फेरी की अगवानी में दुल्हन की तरह सजा क्षेत्र; पक्षियों के लिए वितरित किए सकोरे :: इंदौर (ईएमएस)। बाणगंगा क्षेत्र के मुखर्जी नगर में शनिवार को केन्द्रीय साईं सेवा समिति के तत्वावधान में निकली साईं पालकी यात्रा और प्रभात फेरी का ऐतिहासिक स्वागत किया गया। श्रद्धा और सेवा के अनूठे संगम में शहर के 200 से अधिक साईं मंदिरों से जुड़े भक्तों ने क्षेत्र के सफाई मित्रों को विशेष रूप से आमंत्रित कर उन्हें फल एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया। पूरे क्षेत्र को रंगोली, दीपकों और पुष्प सज्जा से दुल्हन की तरह सजाया गया, जहाँ घर-घर बाबा की पालकी का पूजन हुआ। पार्षद राधू जायसवाल के निवास पर आयोजित मुख्य पूजन समारोह में पार्षद विजय परमार और पूर्व पार्षद भूपेंद्र चौहान सहित सैकड़ों भक्तों ने बाबा की आरती की। इस दौरान भीषण गर्मी को देखते हुए मूक परिंदों के लिए दाना-पानी हेतु सकोरे भी वितरित किए गए। भजन गायक प्रदीप परमार और मुकेश महाराज के भजनों पर श्रद्धालु पूरे समय झूमते रहे। कार्यक्रम में आलोक खादीवाला, शिवबाबा यादव, चंदू कुंजीर और समीर जोशी सहित कई वरिष्ठ जनों ने शिरकत की। :: 26 मार्च को निकलेगी विशाल साईंराम यात्रा :: समिति के पदाधिकारियों ने क्षेत्रवासियों को आगामी 26 मार्च (राम नवमी) पर निकलने वाली भव्य साईंराम यात्रा का निमंत्रण दिया। यह यात्रा ब्रह्मलीन विनिता पाठक की स्मृति में बड़ा गणपति से शुरू होकर छत्रीबाग साईं मंदिर तक जाएगी। शनिवार के आयोजन में अर्चना जायसवाल, निशा चौहान और लतिका चंद्रातेरे सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति ने भी भजन-कीर्तन में भाग लिया। :: अगले पड़ाव : तिलक नगर और स्कीम 71 :: प्रभात फेरी का सिलसिला जारी रहेगा। रविवार 22 मार्च को सुबह 5:30 बजे तिलक नगर स्कूल के पास निलय समीर जोशी के निवास से पालकी यात्रा निकलेगी। इसके पश्चात 23 मार्च को स्कीम 71 (सेक्टर डी) और 24 मार्च को रामबाग चौराहा स्थित भोई मोहल्ला से प्रभात फेरी निकाली जाएगी। 25 मार्च की शाम को बड़ा गणपति क्षेत्र में मनुहार यात्रा निकालकर भक्तों को राम नवमी की मुख्य पालकी यात्रा के लिए आमंत्रित किया जाएगा। प्रकाश/21 मार्च 2026