ज़रा हटके
22-Mar-2026
...


बैंकाक (ईएमएस)। थाईलैड की एक महिला ने अपने पति की बेवफाई का पता चलने के बाद तलाक लेने के बजाय उसकी प्रेमिका को ही एक अजीब प्रस्ताव दे दिया। यह मामला थाईलैंड के लोकप्रिय टीवी शो में सामने आया, जहां संबंधित महिला ने अपने वैवाहिक जीवन से जुड़ी पूरी कहानी साझा की। यह कार्यक्रम थाईलैंड में अपराध और सामाजिक मुद्दों पर आधारित एक चर्चित और कई बार विवादों में रहने वाला न्यूज-टॉक शो माना जाता है। रिपोर्ट के मुताबिक महिला, जिनका नाम खुन क्वांग बताया जा रहा है, अपने पति के साथ कॉलेज के दिनों से ही रिश्ते में थीं। दोनों ने उस समय शादी की थी जब क्वांग की उम्र 21 वर्ष थी। वर्तमान में वह 31 वर्ष की हैं और उनके एक आठ साल का बच्चा भी है। क्वांग के अनुसार कई वर्षों तक उनका वैवाहिक जीवन सामान्य रूप से चलता रहा। लेकिन वर्ष 2025 के मध्य में उन्हें शक होने लगा कि उनके पति की जिंदगी में किसी अन्य महिला की एंट्री हो चुकी है। उन्हें पहली बार संदेह तब हुआ जब उन्होंने देखा कि एक अजनबी महिला उनके पति को सोशल मीडिया पर फॉलो कर रही है और उनकी पोस्ट लगातार देख रही है। इसके बाद पति के व्यवहार में भी बदलाव आने लगा। वह अक्सर देर रात घर आने लगे और फोन कॉल से बचने लगे, जिससे पत्नी का शक और गहरा हो गया। एक दिन देर रात करीब एक बजे घर लौटने के बाद पति ने अचानक परिवार छोड़ने की बात कह दी। उन्होंने यह भी बताया कि घर, कार और अन्य संपत्ति पत्नी और बच्चे के नाम कर चुके हैं। हालांकि कुछ समय बाद वह दोबारा घर लौट आए, लेकिन क्वांग का शक खत्म नहीं हुआ। सच्चाई जानने के लिए उन्होंने एक निजी जासूस की मदद ली, जिसके लिए उन्हें प्रतिदिन लगभग 10,000 बात (करीब 28 हजार रुपये) का भुगतान करना पड़ा। जांच के पहले ही दिन पता चल गया कि उनका पति शहर के रामखामहेंग इलाके में एक महिला के घर जा रहा है। जब क्वांग वहां पहुंचीं तो पति जा चुके थे, लेकिन बाद में तीनों का आमना-सामना हुआ। उस दौरान प्रेमिका ने स्वीकार किया कि उसे पता था कि वह व्यक्ति पहले से शादीशुदा है और उसका एक बच्चा भी है। इसी दौरान क्वांग ने एक हैरान कर देने वाला प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि यदि वह महिला उनके पति के साथ रहना चाहती है तो उसे हर महीने 30,000 बात (करीब 85 हजार रुपये) किराए के तौर पर देने होंगे। हालांकि प्रेमिका इस प्रस्ताव के लिए तैयार हो गई, लेकिन पति ने इसे पूरी तरह ठुकरा दिया। बाद में कानूनी विशेषज्ञों ने स्पष्ट किया कि पति को इस तरह “किराए पर देने” जैसा कोई समझौता थाईलैंड के कानून में मान्य नहीं है, क्योंकि वहां मोनोगामी यानी एक-पत्नी प्रथा लागू है। फिलहाल पत्नी ने इस मामले में प्रेमिका के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। सुदामा/ईएमएस 22 मार्च 2026