अंतर्राष्ट्रीय
22-Mar-2026
...


लॉस एंजेलस (ईएमएस)। हाल ही में आयरिश अभिनेत्री जेसी बकले ने फिल्म ‘हैमनेट’ के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का प्रतिष्ठित ऑस्कर अवॉर्ड जीतकर इतिहास रच दिया है। जेसी बकले का यह पहला ऑस्कर अवॉर्ड है और वह इस श्रेणी में यह सम्मान हासिल करने वाली पहली आयरिश अभिनेत्री बन गई हैं। आयरिश अभिनेत्री जेसी बकले ने अपनी दमदार अभिनय क्षमता और बहुमुखी प्रतिभा के दम पर अंतरराष्ट्रीय सिनेमा में खास पहचान बनाई है। फिल्म ‘हैमनेट’ में जेसी बकले ने विलियम शेक्सपियर की पत्नी एग्नेस हैथवे का किरदार निभाया है। यह ऐतिहासिक ड्रामा क्लोई झाओ के निर्देशन में बनी है और मैगी ओफारेल के उपन्यास पर आधारित है। फिल्म की कहानी शेक्सपियर और उनकी पत्नी के जीवन के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने 11 वर्षीय बेटे हैमनेट की असमय मृत्यु के बाद गहरे शोक और पारिवारिक संघर्षों से गुजरते हैं। फिल्म में जेसी बकले के अभिनय को दर्शकों और समीक्षकों दोनों ने सराहा है। उनके किरदार में भावनात्मक गहराई और संयम का अद्भुत संतुलन देखने को मिलता है, जिसने कहानी को और प्रभावशाली बना दिया। फिल्म का बड़ा भावनात्मक भार उनके प्रदर्शन पर टिका हुआ था, जिसे उन्होंने बेहद संवेदनशीलता के साथ निभाया। अवॉर्ड जीतने के बाद जेसी बकले भावुक नजर आईं और स्टेज पर जाते समय उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। उन्होंने खुद को संभालते हुए अपनी टीम और सहयोगियों का आभार जताया। ‘हैमनेट’ को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काफी सराहना मिली है। फिल्म ने गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड्स में सर्वश्रेष्ठ मोशन पिक्चर-ड्रामा का पुरस्कार जीता, साथ ही टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का पीपल्स चॉइस अवॉर्ड और ब्रिटिश अकादमी फिल्म पुरस्कार में उत्कृष्ट ब्रिटिश फिल्म का सम्मान भी हासिल किया। जेसी बकले ने अपने करियर की शुरुआत 2008 में की थी, जब वह बीबीसी के टैलेंट शो ‘आईड डू एनीथिंग’ में नजर आई थीं। इसके बाद उन्होंने थिएटर, टेलीविजन और फिल्मों में लगातार काम किया और अपनी अलग पहचान बनाई। उन्हें ‘वाइल्ड रोज’, ‘चेर्नोबिल’, ‘आई एम थिंकिंग ऑफ एंडिंग थिंग्स’ और ‘द लॉस्ट डॉटर’ जैसी परियोजनाओं में उनके शानदार अभिनय के लिए सराहा गया है। अपने करियर में जेसी बकले को कई पुरस्कार मिल चुके हैं। सुदामा/ईएमएस 22 मार्च 2026