मनोरंजन
22-Mar-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। हर साल केदारनाथ मंदिर जाकर बाबा केदारनाथ के दर्शन करने वाली बॉलीवुड अभिनेत्री सारा अली खान अब नए विवाद में घिरती नजर आ रही हैं। बद्री-केदार मंदिर समिति के हालिया फैसले के बाद यह मुद्दा और गर्मा गया है, जिसमें गैर-हिंदुओं के मंदिर में प्रवेश को लेकर सख्ती बढ़ाई गई है। नियमों के अनुसार, यदि कोई गैर-हिंदू दर्शन करना चाहता है, तो उसे अपनी आस्था से जुड़ा हलफनामा जमा करना होगा। समिति के ताजा फैसले पर सारा अली खान ने अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है, लेकिन सोशल मीडिया पर हलचल तेज हो गई है। खासकर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ओरहान ओत्रामनी उर्फ ओरी के एक कदम ने इस बहस को और हवा दे दी है। दरअसल, ओरी ने एक ऐसे पोस्ट को लाइक किया है, जिसमें बद्री-केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के बयान का जिक्र है। इस पोस्ट में कहा गया है कि अगर सारा हिंदू मंदिरों में दर्शन करना चाहती हैं, तो उन्हें अपनी आस्था साबित करनी होगी। उस पोस्ट पर ओरी का लाइक शीर्ष पर दिखाई दे रहा था, जिससे कयास लगाए जा रहे हैं कि दोनों के बीच पुराना विवाद अभी भी खत्म नहीं हुआ है। ओरी और सारा के बीच तनातनी कोई नई बात नहीं है। पिछले करीब एक साल से ओरी कभी मीम्स तो कभी इंटरव्यू के जरिए सारा पर निशाना साधते रहे हैं। एक इंटरव्यू में उन्होंने यहां तक कहा था कि अम्रता सिंह की वजह से उन्हें काफी “ट्रामा” झेलना पड़ा है। हालांकि उन्होंने इस ट्रामा के बारे में विस्तार से कुछ नहीं बताया, लेकिन इतना जरूर कहा कि अगर अमृता सिंह माफी मांगती हैं, तो वह माफ करने पर विचार कर सकते हैं। इतना ही नहीं, ओरी ने एक रील शेयर कर भी सारा और उनके परिवार पर कटाक्ष किया था। जब उनसे तीन सबसे बुरी महिलाओं के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने इशारों-इशारों में पलक तिवारी, अमृता और सारा का जिक्र किया। हालांकि उन्होंने पूरा नाम लेने से बचने की कोशिश की, लेकिन सोशल मीडिया यूजर्स ने उनके संकेत समझ लिए। गौरतलब है कि पलक तिवारी को सारा के भाई इब्राहिम अली खान की रूमर्ड गर्लफ्रेंड माना जाता है। एक समय पर ओरी, इब्राहिम, सारा और पलक अच्छे दोस्त हुआ करते थे, लेकिन विवाद के बाद ओरी ने सभी को सोशल मीडिया पर अनफॉलो कर दिया। उन्होंने सारा के करियर को लेकर भी मीम्स बनाए और उसे छोटा बताने की कोशिश की। इन तमाम आरोपों और विवादों के बावजूद सारा अली खान ने अब तक चुप्पी साध रखी है। सुदामा/ईएमएस 22 मार्च 2026