मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड की फिल्म धुरंधर: द रिवेंज रिलीज हो गई है। फिल्म से जुड़े कई वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें ‘नोटबंदी’ जैसे घटनाक्रम और अंडरवर्ल्ड डॉन दाउड इब्राहिम से प्रेरित किरदार की झलक दिखाई दे रही है। रणवीर सिंह और संजय दत्त स्टारर फिल्म देखने के बाद अभिनेत्री प्रिटी जिंटा ने इसकी जमकर तारीफ की है। वह अपने दोस्त अर्जुन रामपाल, जो फिल्म में मेजर इकबाल का किरदार निभा रहे हैं, के साथ प्री-प्रीव्यू में शामिल हुईं। फिल्म को लेकर उनका उत्साह साफ नजर आया और उन्होंने कहा कि ‘धुरंधर’ नाम जितना दमदार है, फिल्म उससे भी ज्यादा प्रभावशाली है। प्रीति जिंटा ने खास तौर पर रणवीर सिंह के अभिनय की सराहना की और उन्हें फिल्म की ‘जान’ बताया। उन्होंने कहा कि फिल्म में जिस तरह बदले की कहानी को दिखाया गया है, वह दर्शकों को बांधकर रखने वाला है। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने अनुभव साझा करते हुए लिखा कि फिल्म का निर्देशन, अभिनय, संगीत, संपादन, कहानी और कास्टिंग—हर पहलू शानदार है। उनके मुताबिक फिल्म देखने के बाद उनकी मां ने भी इसे दोबारा थिएटर में देखने की इच्छा जताई। फिल्म के निर्देशक आदित्य धर की भी उन्होंने खुलकर तारीफ की और दर्शकों को बेहतरीन सिनेमाई अनुभव देने के लिए धन्यवाद कहा। रणवीर सिंह के बारे में उन्होंने लिखा कि उनका प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली है, जिसमें गहराई, ईमानदारी और शानदार रेंज देखने को मिलती है। प्रीति के अनुसार रणवीर ने अपने किरदार को बारीकी से समझकर उसे पर्दे पर पूरी ताकत के साथ उतारा है। प्रीति जिंटा ने फिल्म के अन्य कलाकारों की भी सराहना की। आर. माधवन और अर्जुन रामपाल के अभिनय को भी उन्होंने बेहतरीन बताया। उनके मुताबिक फिल्म में इमोशन, साजिश और हिम्मत का जबरदस्त मिश्रण देखने को मिलता है, जो दर्शकों को अंत तक बांधे रखता है। फिल्म के प्री-प्रीव्यू के बाद सोशल मीडिया पर इसके कई क्लिप्स वायरल हो रहे हैं। इनमें रणवीर सिंह के एक खास सीन को लेकर काफी चर्चा है, जिसमें उनका दमदार अवतार देखने को मिल रहा है। सुदामा/ईएमएस 22 मार्च 2026