मनोरंजन
22-Mar-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। बढ़ते विरोध के चलते आखिरकार मेकर्स ने पैन इंडिया फिल्म केडी: द डेविल के गाने ‘सरके चुनर तेरी सरके’ यूट्यूब से हटा दिया, लेकिन विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। गाने के बोल और डांस स्टेप्स को लेकर कई लोगों ने इसे अश्लील और आपत्तिजनक बताया। इसी बीच नोरा फतेही ने इस पूरे मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए अपनी बात सामने रखी है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर कहा कि उन्हें इस बात का बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि गाने का हिंदी वर्जन इतना भद्दा लगेगा। नोरा ने बताया कि उन्होंने यह गाना करीब तीन साल पहले कन्नड़ भाषा में शूट किया था। उस समय उन्होंने इसे इसलिए स्वीकार किया क्योंकि यह एक बड़े बजट की फिल्म थी और इसमें संजय दत्त जैसे बड़े अभिनेता शामिल थे। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें फिल्म के मेकर्स पर पूरा भरोसा था, इसी वजह से उन्होंने बिना किसी संदेह के इस प्रोजेक्ट के लिए हामी भर दी थी। उन्होंने वीडियो में कहा कि जब उन्होंने गाने का शूट किया था, तब उन्हें इसकी प्रस्तुति में कोई आपत्तिजनक बात महसूस नहीं हुई। लेकिन जब बाद में उन्होंने इसका हिंदी वर्जन देखा और सुना, तब उन्हें एहसास हुआ कि इसके बोल और प्रस्तुति बेहद भद्दे हैं। इसके बाद उन्होंने खुद को इस विवाद से अलग करते हुए साफ किया कि वह इस तरह की किसी भी चीज का समर्थन नहीं करती हैं। वीडियो के साथ साझा किए गए अपने संदेश में नोरा ने उन लोगों का धन्यवाद किया, जिन्होंने इस गाने का विरोध किया। उनका कहना है कि जनता के दबाव की वजह से ही मेकर्स को आखिरकार यह गाना हटाना पड़ा। उन्होंने लोगों से अपील भी की कि वे इस गाने को आगे शेयर न करें, क्योंकि इससे उसे और ज्यादा प्लेटफॉर्म मिल रहा है। साथ ही, नोरा ने इस बात पर भी नाराजगी जताई कि कुछ लोग इस विवाद का इस्तेमाल उनके चरित्र पर सवाल उठाने के लिए कर रहे हैं। उन्होंने इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि किसी कलाकार को बिना पूरी जानकारी के जज करना ठीक नहीं है। अंत में नोरा ने भरोसा दिलाया कि वह और उनकी टीम आगे से ऐसे मामलों में अधिक सतर्कता बरतेंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उन्होंने हिंदी वर्जन पर परफॉर्म नहीं किया और उनकी इमेज का इस्तेमाल बिना उनकी अनुमति के किया गया। बता दें कि अभिनेत्री नोरा फतेही इन दिनों अपनी पैन इंडिया फिल्म केडी: द डेविल के गाने ‘सरके चुनर तेरी सरके’ को लेकर विवादों में घिरी हुई हैं। गाने में उनके साथ संजय दत्त नजर आए थे। रिलीज के बाद से ही इस गाने को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली। सुदामा/ईएमएस 22 मार्च 2026