* सीआईएसएफ की तत्परता से टला बड़ा हादसा कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिले के शक्तिनगर स्थित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स अंतर्गत दोपहर लगभग 12 बजे एक इलेक्ट्रॉनिक सामान मरम्मत करने वाली दुकान में अचानक आग लग गई, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के बाद आसपास के दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों में दहशत फैल गई। जानकारी के अनुसार सूचना मिलते ही सीआईएसएफ ने त्वरित कार्यवाही करते हुए सहायक कमांडेंट सुमन सिंह के नेतृत्व में बल के जवानों को तत्काल मौके पर रवाना किया। घटनास्थल पर पहुंचकर टीम ने स्थिति का जायजा लिया और बिना देर किए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करते हुए सीआईएसएफ के जवानों ने बाल्टियों के माध्यम से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। साथ ही एहतियात के तौर पर आसपास की दुकानों को खाली करा आग को फैलने से रोकने के लिए अन्य आवश्यक कदम उठाए गए। जवानों की सूझबूझ, साहस और तत्परता के चलते आग को सीमित दायरे में नियंत्रित कर लिया गया और कुछ ही समय में पूरी तरह बुझा दिया गया। समय रहते की गई इस कार्यवाही से शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की अन्य दुकानों को सुरक्षित बचा लिया गया। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने सीआईएसएफ के इस सराहनीय कार्य की जमकर प्रशंसा की। 22 मार्च / मित्तल